
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न में 17 अप्रैल को दिनदहाड़े महाराष्ट्र बैंक में कट्टे की नोक पर हुई लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लूट की साजिश के मास्टरमाइंड और गिरोह के सरगना 26 वर्षीय पीयूष जायसवाल को गिरफ्तार किया है।
वह बिहार के पटना का रहने वाला है और पुलिस के अनुसार बिहार का सूचीबद्ध डकैत है। पीयूष पहले से ओडिशा की जेल में बंद था, जिसे पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर सिंगरौली लाकर पूछताछ शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अंतरराज्यीय लूट गिरोह से जुड़े कई बड़े मामलों का खुलासा हुआ है। आरोपी ने वर्ष 2021 से अब तक अलग-अलग राज्यों और जिलों में 90 किलो से अधिक सोना लूटने की वारदातों में संलिप्तता बताई है।
पुलिस के अनुसार उसने वर्ष 2022 में राजस्थान में पहली बड़ी वारदात को अंजाम दिया था, जहां करीब 24 किलो सोना और नकदी लूटी गई थी।
इसके बाद आरोपी गिरोह ने कटनी और जयपुर में भी लूट की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार इन घटनाओं में करीब 22 किलो सोना लूटा गया था। सिंगरौली पुलिस अब आरोपी से उसके गिरोह के अन्य सदस्यों, वारदातों की पूरी कड़ी और लूटे गए सोने को खपाने के ठिकानों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
सिंगरौली एसपी षियाज केएम के निर्देशन में गठित पुलिस टीम लगातार इस गिरोह की तलाश में जुटी थी। महाराष्ट्र बैंक लूट मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पीयूष जायसवाल की गिरफ्तारी को पुलिस अंतरराज्यीय लूट गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मान रही है। पूछताछ में अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
षियाज केएम, एसपी सिंगरौली
यह भी पढ़ें- जबलपुर में मंदिर में रहने के विवाद में नागा साधु अखंडानंद गिरि स्वामी पर चाकू से हमला