नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। रीवा में भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। किसानों को 'नशेड़ी' बताए जाने की टिप्पणी से नाराज कांग्रेस किसान मोर्चा ने शुक्रवार को सांसद के आवास का घेराव करने के लिए जोरदार प्रदर्शन किया।
आक्रोशित कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सांसद आवास की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया।
भीड़ नियंत्रित नहीं हुई तो आंसू गैस के गोले छोड़े गए
प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने की जिद और बढ़ते तनाव के बीच पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। इसके बाद भी भीड़ नियंत्रित नहीं हुई तो आंसू गैस के गोले छोड़े गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सांसद के बयान से सड़कों पर उतरे किसान, इस्तीफे की मांग
कांग्रेस किसान मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सांसद जनार्दन मिश्रा ने सार्वजनिक मंच से किसानों को 'नशेड़ी' बताकर देश के अन्नदाताओं का अपमान किया है। उनका कहना है कि किसान अपनी मेहनत और पसीने से देश का पेट भरता है।
दिन-रात खेतों में मेहनत करने वाले किसानों के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
सांसद से तत्काल इस्तीफा देने की मांग उठाई
इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस किसान मोर्चा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और सांसद के आवास का घेराव करने निकल पड़े। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने नैतिकता के आधार पर सांसद से तत्काल इस्तीफा देने की मांग उठाई।
बैरिकेडिंग पर टकराव, वाटर कैनन से खदेड़े गए प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सांसद आवास की ओर जाने वाले रास्ते पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि प्रदर्शनकारियों को आवास तक पहुंचने से रोका जा सके। प्रदर्शनकारी जब बैरिकेडिंग के पास पहुंचे तो उन्होंने आगे बढ़ने का प्रयास किया।
पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं थे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
वाटर कैनन से पानी की तेज बौछारें छोड़ीं
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की तेज बौछारें छोड़ीं। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी डटे रहे तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद प्रदर्शन स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
कांग्रेस बोली- किसानों का अपमान बर्दाश्त नहीं
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेताओं ने मीडिया से चर्चा में भाजपा सांसद के बयान की कड़ी निंदा की। नेताओं ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके परिश्रम से ही आम आदमी की थाली तक अनाज पहुंचता है।
ऐसे अन्नदाताओं को नशेड़ी कहना न केवल किसानों का अपमान है, बल्कि देश के करोड़ों मेहनतकश किसानों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बयान है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सांसद जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति से ऐसी भाषा की अपेक्षा नहीं की जाती।
माफी नहीं तो आंदोलन होगा और उग्र
किसान मोर्चा के नेताओं ने साफ चेतावनी दी कि जब तक सांसद अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
आंदोलन को और व्यापक बनाने की चेतावनी दी
प्रदर्शनकारियों ने आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक बनाने की चेतावनी भी दी। इस पूरे घटनाक्रम ने रीवा की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। सांसद के बयान से शुरू हुआ विरोध अब सड़क पर उतर आया है। वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद यह मुद्दा और गरमा गया है। अब देखना होगा कि भाजपा सांसद इस विरोध और इस्तीफे की मांग पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।