
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। किसानों पर दिए गए विवादित बयान के बाद घिरे रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा अब बैकफुट पर आ गए हैं।
वीडियो वायरल होने, संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा एफआईआर की मांग और अपनी ही पार्टी के विधायक द्वारा खेद जताए जाने के बाद सांसद ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनकी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।
उनका मकसद किसानों का अपमान नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था।बता दें कि गत सोमवार 9 नवंबर को मऊगंज के ग्राम रकरी स्थित कमल गौशाला में गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में सांसद ने मंच से कहा था - किसान 3 महीने खेती में मेहनत करते हैं और बाकी 9 महीने ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी और जय भोले चढ़ाते हैं। सोमवार रात यह वीडियो सामने आते ही हंगामा मच गया था।
सफाई में सांसद ने कहा कि डबल इंजन की सरकार गौपालन को बढ़ावा देने और किसानों को हरसंभव सहायता देने के लिए काम कर रही है। दुग्ध उत्पादन और पशुपालन किसानों के लिए अतिरिक्त आय के साधन बन सकते हैं।उन्होंने कहा कि गोबर से जैविक खाद तैयार होती है, जिससे खेतों की मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलता है।
रासायनिक खाद के अत्यधिक और असंतुलित इस्तेमाल से मिट्टी की गुणवत्ता, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है, इसलिए किसानों को गौपालन और जैविक खेती अपनानी चाहिए।हालांकि सांसद की इस सफाई पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि मूल वीडियो में 3 महीने बनाम 9 महीने वाली टिप्पणी साफ तौर पर सुनी जा सकती है।
उधर, इस मामले में भाजपा के ही विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने सांसद के बयान पर खेद जताते हुए किसानों से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस मामले का संज्ञान लेगा और कार्रवाई करेगा। हमारी सरकार और मोदीजी किसानों के हित में 24 घंटे काम कर रहे हैं।