
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीधी। जिले के बगैहा टोला की बघेली इंटरनेट मीडिया इनफ्लुएंसर लीला साहू एक बार फिर सड़क की मांग को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने सोमवार से ग्रामीणों के साथ टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।धरनास्थल पर पुलिस भी तैनात की गई है।
2024 में वायरल हुआ था वीडियो
बता दें कि, गजरी से खड्डी खुर्द वाया बगैहा टोला तक करीब 10 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के लिए लीला साहू लंबे समय से प्रयासरत हैं। 2024 में उनका वीडियो ओ मोदी जी, एमपी से 29 की 29 सीट जीते हैं, हमरे ईहन की रोड त बनवाय देई...देशभर में बहुप्रसारित हुआ था।
पांच किमी तक कच्ची सड़क
उस समय उन्होंने गर्भवती होने का हवाला दिया तो सांसद डॉक्टर राजेश मिश्रा ने प्रसव की तारीख से पहले उठवा लेने की बात कही थी। इसे लेकर सांसद की काफी आलोचना हुई थी। उक्त सड़क का पांच किमी लंबा हिस्सा अब भी कच्चा है।
यह भी पढ़ें- रीवा सांसद का कांग्रेस विधायक पर पलटवार, बोले- अभय मिश्रा यौन विकृतियों से पीड़ित, पॉकेटमारी से शुरू किया था बिजनेस
लीला का कहना है कि पिछले दो साल के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और सांसद से लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों तक गुहार लगा चुकी हैं।
सांसद ने दिया था आश्वासन
सांसद ने सड़क स्वीकृत होने की बात कही थी, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। चुरहट से कांग्रेस विधायक अजय सिंह ने जरूर पिछले साल मुरम डलवाई थी।
खड्डी खुर्द से बगईहा टोला तक 5.07 किलोमीटर सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पीएमजीएसवाई-फोर की प्राथमिकता सूची में शामिल किया गया है। भारत सरकार से राशि का आवंटन होते ही निर्माण कराया जाएगा। विकास मिश्रा, कलेक्टर, सीधी
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में साइबर क्राइम की चार अलग-अलग वारदात, 4 लाख 25 हजार रुपए की ठगी, FIR दर्ज