
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। जिले के गढ़ क्षेत्र में स्थित कुलदेवी मनकाठी माता मंदिर, गोरहा तालाब में 19-20 नवंबर 2026 की दरमियानी रात अराजक तत्वों द्वारा मूर्ति खंडित किए जाने की घटना सामने आई है।
मंदिर में पूर्व में भी घंटी, पूजा सामग्री एवं मूर्तियां चोरी होने की लिखित सूचना थाने में दी जा चुकी है। ताजा घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने से धार्मिक आस्था और क्षेत्र की शांति व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना को गंभीरता से लेते हुए विशेष पुलिस टीम गठित की जाए तथा दोषियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों की भी निष्पक्ष जांच हो।
मंदिर से मूर्ति ले जाकर खंडित करने के विषय में आज दोपहर 1 बजे बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ताओं एवं मंदिर के भक्तगणों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में घटना के विरोध, मंदिरों की सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आगामी रणनीति पर चर्चा होगी।
श्रद्धालुओं ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र में सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बना रहे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में मकान-दुकान में भीषण आग, घर में नहीं था कोई; अचानक उठने लगा धुआं