
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट की लचर व्यवस्था ने एक बार फिर 6 साल के आदिवासी बैगा बच्चे की जान ले ली।
जानकारी के अनुसार कैमोर निवासी रोहित बैगा (6) की गुरुवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ी। सांस लेने में तकलीफ होने पर मां मुन्नी बैगा उसे लेकर चुरहट अस्पताल पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया।
स्वजन का आरोप है कि रेफर की प्रक्रिया में ही 40 मिनट से ज्यादा लगा दिया। बच्चे को ऑक्सीजन देने के लिए अस्पताल में मास्क तक नहीं मिला। ड्यूटी नर्स ने काफी तलाशा, पर व्यवस्था नहीं हो सकी। मजबूरी में मशीन से सीधे ऑक्सीजन देने की कोशिश की गई।
इस बीच 108 एंबुलेंस को सीधी से चुरहट पहुंचने में ही डेढ़ घंटे लग गए। स्वजन का कहना है कि एंबुलेंस में भी पर्याप्त ऑक्सीजन व्यवस्था नहीं थी। गंभीर हालत में बच्चे को रीवा ले जाया गया।
शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे रीवा पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। मां मुन्नी बैगा ने रोते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं इस घटना ने 108 सेवा की पोल खोल दी है।
मामले में सीएमएचओ डॉ. अशोक खरे ने माना कि एंबुलेंस व्यवस्था काफी दिनों से खराब है। कई बार पत्र लिखे जा चुके हैं, पर सुधार नहीं हुआ। अब वरिष्ठ कार्यालय में शिकायत कर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के मूर्तिकार हत्याकांड में मुख्य आरोपित की बहन समेत दो गिरफ्तार