
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। ट्रेन संख्या 61629 और 61630 वाली यह मेमू ट्रेन 24 अक्टूबर 2026 से नियमित रूप से पटरी पर दौड़ने लगेगी। रेलवे मंत्रालय ने इसके संचालन के लिए आधिकारिक समय सारणी भी जारी कर दी है।
यह ट्रेन सेवा पन्ना और सीधी जैसे रेल नेटवर्क से अछूते जिलों के लिए एक बड़ा वरदान साबित होगी। इस नई ट्रेन के शुरू होने से पन्ना, सतना, रीवा और सीधी जिलों के हजारों यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों का सफर बेहद सुगम हो जाएगा।
फिलहाल यह नई मेमू ट्रेन रविवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी 6 दिन चलेगी। 117 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड पर ट्रेन का शेड्यूल इस प्रकार रहेगा।
ट्रेन संख्या 61629 देवेंद्रनगर से चुरहट के डाउन रूट के मुताबिक सुबह 7 बजे देवेंद्रनगर से प्रस्थान करेगी जो 10.40 बजे रीवा पहुंचेगी और 10 मिनट ठहरने के बाद 10.50 बजे रवाना होकर दोपहर 1.15 बजे चुरहट पहुंचेगी।
चुरहट से देवेंद्रनगर ट्रेन संख्या: 61630 दोपहर 3 बजे चुरहट से प्रस्थान करेगी, जो शाम 5.20 बजे रीवा पहुंचने के बाद 5.30 बजे रवाना होकर रात 9.25 बजे देवेंद्रनगर पहुंचेगी।
यह 8 कोच वाली आधुनिक मेमू ट्रेन सतना और रीवा के रास्ते से होकर गुजरेगी। देवेंद्रनगर से रीवा के बीच यह ट्रेन फुलवारी, नागौद, बरेठिया, करही, कैमा, सकरिया, बगहाई, हिनौता रामवन और तुर्की स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
रीवा से चुरहट के बीच यह ट्रेन सिलपरा, गोविंदगढ़, बघवार और रामपुर नैकिन स्टेशनों पर रुकते हुए अपने अंतिम स्टेशन चुरहट पहुंचेगी।
ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना के तहत रामपुर नैकिन-चुरहट रेलखंड का काम पूरा होने के बाद यह बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। हाल ही में इस रूट पर 8 कोच की मेमू ट्रेन का तकनीकी और सुरक्षा ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न किया गया था।
स्थानीय प्रशासन और रेलवे विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस ट्रेन के शुरू होने से न केवल विंध्य और बुंदेलखंड के बीच सीधा जुड़ाव होगा, बल्कि सीधी जिला मुख्यालय को भी जल्द ही मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी।
इस ऐतिहासिक कदम के लिए रेलवे बोर्ड के आधिकारिक निर्देशों के अनुसार सामान्यांतर प्रसार और उद्घाटन की तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें- विंटर शेड्यूल से पहले दिल्ली की उड़ान दो दिन निरस्त, जबलपुर से पांच शहरों के लिए सीधी फ्लाइट