
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा: गुढ़ में शनिवार को 'मुख्यमंत्री जन विश्वास' कार्यक्रम के दौरान रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी जिस बस में सवार होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे, उसे ही सीज करा दिया। तिवारी बस सर्विस की इस बस में न तो वैध फिटनेस प्रमाण पत्र था, न ही परमिट और बीमा के कागजात। बस की स्थिति भी अत्यंत खराब थी।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कलेक्टर ने परिवहन विभाग और एसडीएम को बुलाकर बस की जांच करवाई। जांच में अनियमितता की पुष्टि होते ही उन्होंने बस को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया और आरटीओ को फिटनेस रद करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर सूर्यवंशी ने कहा कि नियम सभी के लिए समान हैं। यदि सरकारी कार्यक्रम में ही बिना फिटनेस की बसें चलेंगी, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? उन्होंने जिले के सभी बस संचालकों को चेतावनी दी है कि बिना परमिट, फिटनेस और बीमा के कोई भी बस सड़क पर न चलाएं, अन्यथा ऐसी ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट ने कहा- सरकारी सुस्ती का खामियाजा बरी आरोपी क्यों भुगतें ?, 430 दिन एक टेबल से दूसरी टेबल घूमती रही फाइल