
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने स्वच्छता वाले अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। यह वीडियो रीवा जिले का बताया जा रहा है और अब तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल रील में सांसद हल्की पीली शर्ट और सफेद पैंट में उकड़ू बैठकर छोटे लोटे से पानी डालकर टॉयलेट की सफाई कर रहे हैं। वीडियो दिख रहा है कि बीजेपी सांसद ने बिना ब्रश और ग्लव्स के टॉयलेट साफ किया।
यह कोई पहला मौका नहीं है जब जनार्दन मिश्रा इस तरह की सफाई के लिए चर्चा में आए हों। उनका स्वच्छता से नाता काफी पुराना है।
15 फरवरी 2018 को रीवा जिले की ग्राम पंचायत भुशुड़ी के प्राथमिक विद्यालय में जनसंपर्क के दौरान शौचालय मिट्टी से जाम था, जिसे उन्होंने खुद हाथ से साफ किया था। तब उन्होंने ट्वीट कर लिखा था - "रीवा जिले के स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत ग्राम पंचायत भुशुड़ी में जन सम्पर्क के दौरान प्राथमिक विद्यालय में बंद पड़े शौचालय की सफाई की।" तब भी वीडियो 30 हजार से ज्यादा बार देखा गया था।
इसके पहले 23 जनवरी 2018 को नईगढ़ी के अल्हौवा शासकीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि बच्चे कई दिन से नहाए नहीं हैं, तो एक बच्चे को खुद नहलाया और उसके पैर रगड़कर धोए।
उसी दौरे में कई बच्चों के नाखून भी काटे और शिक्षकों से कहा कि अभिभावकों को बोलें कि बच्चों को रोज नहलाकर भेजें।इसी साल वे रीवा नगर में झाड़ू लगाते और कचरा गाड़ी चलाते भी दिखे थे।
सांसद का कहना था - "यह दूसरों के लिए मुश्किल हो सकता है, पर मेरी आदत बन गई है। मैं जहां भी जाता हूं, शौचालय जरूर देखता हूं। प्राइमरी स्कूलों में सफाई कर्मचारी नहीं होते और ग्रामीणों में जागरूकता की कमी है।"
22 सितंबर 2022 को खटखरी गांव के कन्या विद्यालय में सेवा पखवाड़ा के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गए थे। वहां गंदा टॉयलेट देखकर उन्होंने फिर वही किया - बाल्टी से पानी लेकर हाथ से ही घिसकर साफ कर दिया।
उस वक्त उन्होंने कहा था - _"महात्मा गांधी से लेकर पीएम मोदी तक ने स्वच्छता का संदेश दिया है। मैंने लोगों को प्रेरित करने के लिए किया।"ताजा वायरल वीडियो उसी कड़ी का अगला हिस्सा माना जा रहा है, जिसने एक बार फिर स्वच्छता को लेकर उनकी छवि को चर्चा में ला दिया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में क्लाउड किचन एक माह में ही बंद, घाटे के बाद रुपये मांगे तो दोस्त के घर में की तोड़फोड़