
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। चाकघाट नगर परिषद से जुड़ा एक कथित ऑडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। मामले में पीड़ित महिला ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त को शिकायत भेजकर नगर परिषद के सीएमओ शंखधर पांडेय और अध्यक्ष विभव कुमार जायसवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर एक अधिकारी महिला से कह रहा है - कमरे में दो घंटे बिताओ, किसी को पता नहीं चलेगा। साथ ही पत्नी-बच्चों के बाहर होने का भी जिक्र किया जा रहा है। महिला का आरोप है कि इस मांग को ठुकराने पर उसे नौकरी से निकाल दिया गया।
शिकायत में महिला ने बताया कि वह 15 मार्च 2018 से चाकघाट नगर परिषद में दैनिक वेतन पर कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थी। उसके मुताबिक 18 जून 2026 को सीएमओ और अध्यक्ष उसके टेबल पर रखा कंप्यूटर उठाने लगे और अभद्र व्यवहार व गाली-गलौज की।
महिला का दावा है कि उसने इस पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग भी की है। महिला ने आरोप लगाया कि कथित मांग पूरी न करने पर सीएमओ ने बैकडेट में पत्र जारी कर उसे नौकरी से हटा दिया और 24 जून 2026 से उसकी ऑनलाइन उपस्थिति आईडी भी बंद कर दी गई। महिला ने 6 महीने से वेतन न मिलने और ढाई साल से ईपीएफ खाते में राशि जमा न होने का भी आरोप लगाया है।
महिला ने शिकायत में 2023 में हुई दैनिक वेतनभोगी नियुक्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि उस पर तत्कालीन सीएमओ केएन सिंह के खिलाफ चरित्र संबंधी आरोप लिखकर देने का दबाव बनाया गया था, जिसे उसने मना कर दिया। इसके बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा है।
महिला ने बताया कि वह इस मामले में पहले चाकघाट थाना, श्रम पदाधिकारी, कलेक्टर, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन और एसपी को भी आवेदन दे चुकी है। फिलहाल महिला ने आयुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और अपनी नौकरी बहाली की मांग की है। ऑडियो की सत्यता और आरोपों की जांच होना अभी बाकी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में फर्जी आधार से कराई जमीन की रजिस्ट्री, जिंदा मालिक की जगह खड़ा हुआ दूसरा व्यक्ति