
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। जिले में रेत माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे खनिज विभाग के अधिकारियों पर ही जानलेवा हमले की कोशिश की गई। सिहावल विकासखंड के अमिरती गांव में कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक ने रेत से भरे वाहन की ट्राली खनिज अधिकारी की गाड़ी के सामने गिरा दी। गनीमत रही कि वाहन में सवार अधिकारी बाल-बाल बच गए।
बताया गया कि अमिरती गांव में अवैध रेत उत्खनन कर परिवहन करने की सूचना मिली थी। सूचना पर खनिज विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान ट्रक चालक ने रेत से भरे वाहन की ट्राली अधिकारी की गाड़ी के सामने गिरा दी। इसके बाद खनिज विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घेराबंदी कर ट्रक को जप्त कर लिया और वाहन को अमिलिया थाने में पुलिस अभिरक्षा में खड़ा कराया।
खनिज विभाग द्वारा दूसरी कार्रवाई में बिना टीपी के गिट्टी का परिवहन कर रहे एक ट्रक को भी पकड़कर थाने में खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग द्वारा दोनों वाहनों के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से अवैध खनिज परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश से दक्षिण भारत यात्रा हुई आसान, भिंड से मंडपम तक चलेगी गौरव ट्रेन, ग्वालियर में ठहराव