
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिंगरौली। बैढ़न के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में शुक्रवार को हुई डकैती के मामले में सिंगरौली पुलिस ने रविवार को मुख्य आरोपित कमलेश कुमार उर्फ गोरेलाल को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
डेहरी आरपीएफ ने शनिवार को उसे बिहार के रोहतास में नबीनगर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया था। झारखंड में उसने आईफोन खरीदा था, जिससे मिले सुराग के बाद उसे पकड़ा गया। वहीं सिंगरौली पुलिस की 10 टीमें बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हैं।
बैंक डकैती के मामले के मुख्य आरोपित कमलेश कुमार को रविवार को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच जिला एवं सत्र न्यायालय सिंगरौली में पेश किया। पुलिस ने डकैती के अन्य आरोपितों व लूटे गए माल की बरामदगी और पूरे गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने के लिए न्यायालय से रिमांड मांगी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने आरोपित कमलेश को आठ दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है।
सिंगरौली में पांच नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने बैंक आफ महाराष्ट्र की शाखा में बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर करीब 10 किलोग्राम सोना और लगभग 35 लाख रुपये नकदी लूटी थी। लूटे गए माल की कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने कमलेश से 14 लाख रुपये नकद और 70 लाख का सोना (61.77 ग्राम) बरामद किया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और सोना और नकदी बरामद करना पुलिस के चुनौती बना हुआ है।
सिंगरौली पुलिस को सूचना मिली थी कि लूट के बाद बदमाश झारखंड के गढ़वा की ओर भागे थे। एएसपी विक्रम सिंह के नेतृत्व में सिंगरौली पुलिस टीम शनिवार को गढ़वा के मेन रोड स्थित वर्ल्ड मोबाइल सेंटर पहुंची। कमलेश ने इसी शोरूम से महंगा आईफोन खरीदा था। पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। हुलिये के आधार पर उसे बिहार के रोहतास से गिरफ्तार किया गया। गढ़वा और सिंगरौली पुलिस अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।