
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। रीवा में कांग्रेस विधायक के धरना प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी की घटना सामने आई है ।यहां धरना प्रदर्शन में शामिल एक बुजुर्ग पत्थर लगने से घायल हुआ है। फिलहाल बुजुर्ग के सिर में चोट आने के कारण उसे उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया गया है।
घटना आज शहर के सिरमौर चौराहे में जच्चा बच्चा की मौत के विरोध में चल रहे धरना स्थल पर हुई है। यहां अनिश्चित कालीन धरने पर बैठे कल्पना मिश्रा के पिता का समर्थन करने पहुंचे कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने 5 घंटे का मौन धरना दिया है, जिसमें ग्राम भलुआ से शामिल होने आए बुजुर्ग के सिर में अचानक से एक पत्थर आकर गिरा और वाह घायल हो गए।
पीड़ित बुजुर्ग की मानें तो वह धरना स्थल पर बैठे हुए थे, तभी ऊपर से अचानक एक पत्थर उनके सिर पर आकर गिरा और सर से खून बहने लगता है। पत्थर किसने और कहां से चलाया इस बात की जानकारी किसी को नहीं हो सकी है। फिलहाल घायल का प्राथमिक उपचार कराया गया है जिसकी हालत बेहद ही सामान्य बताई गई है।
जिले में प्रसूता कल्पना मिश्रा की मौत के मामले ने अब बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा मृतका के पिता के धरना स्थल पर मौन धरने पर बैठ गए हैं। इस विरोध प्रदर्शन के बाद क्षेत्र में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है और स्वास्थ्य विभाग तथा प्रशासन पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
कल्पना मिश्रा के पिता लंबे समय से न्याय की गुहार लगाते हुए धरने पर बैठे हैं। अब उनके इस संघर्ष को कांग्रेस का खुला समर्थन मिल गया है। धरना स्थल पर विधायक अभय मिश्रा के साथ कांग्रेस के कई दिग्गज नेता और कार्यकर्ता पहुंचे।
मुख्य रूप से मऊगंज के पूर्व विधायक सुखेन्द्र सिंह् बन्ना, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉक्टर मुजीब खान और एनएसयूआई जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय उपस्थित रहे।प्रदर्शनकारियों ने रीवा मेडिकल कॉलेज के प्रबंधन और राज्य सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कांग्रेस नेताओं और प्रदर्शनकारियों ने साफ तौर पर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सुनील अग्रवाल और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की है। विपक्ष का आरोप है कि मामले में लापरवाही बरती गई है और दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
धरना स्थल पर पहुंचे एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने घोषणा की है कि जब तक मेडिकल कॉलेज के डीन डॉक्टर सुनील अग्रवाल अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक एनएसयूआई के कार्यकर्ता रोज सुबह और शाम उनके सरकारी आवास पर पहुंचेंगे और वहां उग्र विरोध प्रदर्शन करेंगे।