
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाकर अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने विगत महीनों में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की। इस दौरान जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक अवैध खनिज गतिविधियों के कुल 181 प्रकरण दर्ज किए गए हैं तथा 1.23 करोड़ रुपये का जुर्माना शासन के कोष में जमा कराया गया है। कलेक्टर ने जिले के विभिन्न चिन्हित क्षेत्रों में अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद, उप संचालक संजय टाइगर रिजर्व राजेश कन्ना टी., अपर कलेक्टर बी.पी. पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीएम मझौली आकाश अग्रवाल, रामपुर नैकिन अजय शर्मा, सिहावल राकेश शुक्ला एवं कुसमी सागर जैन, सीधी एवं मझौली के अनुविभागीय अधिकारी वन, अधीक्षक सोन घड़ियाल अभयारण्य तथा जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में कानून विभाग के प्रमुख सचिव का पद खाली, हाई कोर्ट ने मुख्य सचिव से मांगा जवाब