
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। शहर में सुबह होते ही जाम की समस्या शुरू हो जाती है जो देर रात तक बनी रहती है। व्यस्त चौराहों, बाजारों और स्कूल-कॉलेज के सामने घंटों तक वाहन रेंगते नजर आते हैं।
हैरानी की बात यह है कि शहर के यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाली सूबेदार एवं उनके कर्मचारी शहर छोड़कर बाईपास पर खुद की व्यवस्था सुधारने में जुटे हुए हैं।
बाईपास पर यातायात थाने की सूबेदार की उपस्थिति पूरी व्यवस्था पर ही एक सवालिया निशान लगा रही है। यातायात को सुचारू करने के बजाय उनका पूरा ध्यान बाईपास पर निकलने वाले खनिज वाहनों पर लगा रहता है।
बाईपास से सामने आई एक तस्वीर इस पूरे मामले को बयां करती है। तस्वीर में बोलेरो सवार यातायात सूबेदार अंजली गुप्ता और आरक्षक लव कुश हाईवे पर खड़े दिखाई दे रहे हैं।
अब इस तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। लोग पूछ रहे हैं कि जब शहर के अंदर ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई हुई है, तो ट्रैफिक पुलिस बाईपास पर क्या कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में लगातार शिकायतें अधिकारियों तक पहुंच रही हैं, लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते इस दिशा में कोई रोक नहीं लग पा रही है। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से आम लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि शहर के अंदर यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए और बाईपास वाली वायरल तस्वीर की जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को जाम से राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें- रीवा में कोचिंग से लौटते समय नहर में डूबे 17 साल के जुड़वा भाई, SDRF की टीम खेाज में जुटी