
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। जनजातीय एवं ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय समुदाय को पर्यटन से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बकवा में 23 से 27 नवंबर तक पांच दिवसीय ग्राम स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान होम स्टे सेवाओं का संचालन एवं प्रबंधन, पर्यटकों का स्वागत एवं आतिथ्य सत्कार, आवासीय सुविधाओं की व्यवस्था, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, स्थानीय खानपान एवं पारंपरिक व्यंजनों की प्रस्तुति, पर्यटकों के साथ व्यवहार एवं संवाद कौशल, पर्यटन सेवाओं की गुणवत्ता, प्रचार-प्रसार तथा पर्यटकों की संतुष्टि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जनजातीय एवं ग्रामीण पर्यटन के विभिन्न पहलुओं, स्थानीय प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक संसाधनों की पहचान, पारंपरिक रहन-सहन, जनजातीय रीति-रिवाज, लोककला, लोकसंगीत, लोकनृत्य एवं स्थानीय खानपान को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने के तरीकों पर भी जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य होम स्टे संचालन से जुड़े हितग्राहियों की क्षमता एवं कार्यकुशलता का विकास करना, उन्हें पर्यटन क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित करना तथा पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सक्षम बनाना है।
कार्यशाला में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रतिनिधियों के साथ सहयोगी संस्था इन्द्रवती नाट्य समिति, सीधी की ओर से समिति के सचिव नीरज कुंदेर, पीएसओ रोशनी प्रसाद मिश्र, पर्यटन ग्राम संयोजक रजनीश कुमार जायसवाल एवं सहयोगी प्रजीत कुमार साकेत उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही ग्राम पर्यटन समिति बकवा के पदाधिकारी एवं सदस्यगण तथा होम स्टे से संबंधित सभी हितग्राही सहभागिता करेंगे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में स्कूल के सामने जेसीबी से सफाई के दौरान टूटा स्लैब, गिर सकते हैं बच्चे; हादसे की आंशका