
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। शहर के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू नगर में एक निर्माणाधीन मकान की छत ढलाई के दौरान राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना के बाद संजय गांधी अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने करंट लगने की बात को सिरे से खारिज करते हुए मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
फिलहाल समान थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान विष्णु चौधरी निवासी- मझगवां, नागौद, जिला सतना के रूप में हुई है।
विष्णु रीवा के इटौरा बाईपास क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। गत रविवार की शाम वह नेहरू नगर स्थित एक मकान की छत ढलाई का काम कर रहा था।
मौके पर मौजूद ठेकेदार का कहना है कि छत ढलाई के दौरान पानी का पंप चालू करते समय विष्णु करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वही अस्पताल पहुंचे मृतक के भाई और अन्य परिजनों ने ठेकेदार के दावे को झूठा बताया है।
भाई का कहना है कि विष्णु के शरीर पर करंट लगने का कोई निशान नहीं है, बल्कि उसके सिर पर गहरी चोट के निशान हैं। आशंका है कि काम के दौरान हुए किसी विवाद में उसके साथ मारपीट की गई है, जिससे सिर में चोट लगने के कारण उसकी जान गई है। जब विष्णु को अस्पताल लाया गया, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए और निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने ठेकेदार और मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों से पूछताछ शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में पेट्रोल पंप पर डकैती डालने से पहले ही चार गिरफ्तार, 10 वारदातों का किया खुलासा