
नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का एक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में कर्मचारी सुशील कुमार सिंह ठेकेदार से नोटों की गड्डी लेते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो पीएचई विभाग के कार्यालय के अंदर का है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बिल पास कराने को लेकर लेन-देन हो रहा है। हालांकि नईदुनिया इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद से विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने तत्काल विभागीय कार्रवाई की है। कर्मचारी सुशील कुमार सिंह को सीधी से रीवा अटैच कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ वर्षों से गांव-गांव में करोड़ों रुपये की लागत से पानी टंकी और पाइप लाइन के निर्माण कार्य में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। कई गांवों में लाखों की लागत से पानी टंकी बनाई गई, लेकिन ग्रामीणों को एक बूंद पानी नहीं मिल पा रहा है।
कहीं पाइप लाइन बिछी ही नहीं, कहीं टंकी बनने के बाद भी सप्लाई शुरू नहीं हुई। ऐसे में पीएचई विभाग के अधिकारियों समेत पूरे स्टाफ की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कागजों में काम पूरा दिखा दिया जाता है, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस है। ठेकेदार और विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत से सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है।
लोगों ने मांग की है कि कार्यालय के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की पूरी जांच की जाए। आरोप है कि कार्यालय के अंदर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में ही भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी का खेल चल रहा है। यदि पूरे सीसीटीवी फुटेज की जांच हो जाए तो कई भ्रष्ट अधिकारी और कर्मचारी बेनकाब हो सकते हैं।
फिलहाल विभाग ने मामले को जांच के हवाले कर दिया है। अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है। लोगों की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें- एक ही लिखावट से सैकड़ों बिल, पन्ना में भाई और साले ने किया करोड़ों रुपये का घोटाला