
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। जिले में कुत्ते को लेकर हुए विवाद में एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि देवर, देवरानी और ससुर ने मिलकर घर में अकेली महिला के साथ मारपीट की। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया लेकिन महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गढ़ थाना क्षेत्र स्थित उजनिहाई टोला में ममता तिवारी (पत्नी रमेश तिवारी) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने रिश्तेदार रिंकू तिवारी, नीलू तिवारी और नीलम तिवारी पर मारपीट करने और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना गत 27 जून 2026 की रात की है। गंभीर हालत में महिला को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका का परिवार में कुत्ते को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी पारिवारिक रंजिश के चलते देवर, देवरानी और ससुर ने घर में अकेली पाकर महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की। महिला को गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- खेती काम करने के बाद एक साथ बैठकर मार रहे थे गप्पे, तभी बिजली गिरी, एक की मौत; चार घायल
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर देवर, देवरानी और ससुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पारिवारिक विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।