
नईदुनिया न्यूज, गुढ़। वेंटिलेटर न मिलने से गुढ़ के वार्ड-13 निवासी 40 वर्षीय सुशील कुमार पांडेय की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों और प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार सुशील की अचानक तबीयत बिगड़ी थी। बेटे हृदेश पांडेय उन्हें रात करीब 2 बजे गंभीर हालत में लेकर अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी में जांच के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक बताते हुए तीसरी मंजिल स्थित आईसीयू में शिफ्ट कर वेंटिलेटर पर रखने के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद परिजन तुरंत आईसीयू पहुंचे, लेकिन वहां वेंटिलेटर उपलब्ध नहीं था। परिजनों का आरोप है कि वे लगातार स्टाफ से गुहार लगाते रहे, लेकिन कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। करीब दो घंटे तक तड़पने के बाद सुबह लगभग 4 बजे सुशील की मौत हो गई।
परिजनों ने सवाल उठाया कि जब इमरजेंसी में ही वेंटिलेटर की जरूरत बताई गई थी, तो आईसीयू में इंतजाम क्यों नहीं था। यदि वेंटिलेटर नहीं था तो तत्काल रेफर क्यों नहीं किया गया? समय पर सुविधा मिलती तो जान बच सकती थी।
इस घटना ने अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं और आईसीयू की क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। संभाग के सबसे बड़े अस्पताल में ही यदि जीवनरक्षक उपकरण के लिए मरीजों को भटकना पड़े तो दूर-दराज से आने वाले मरीजों का भरोसा कैसे बचेगा। परिजनों ने पूरे मामले की जांच और जवाबदेही तय करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में स्कूल के सामने जेसीबी से सफाई के दौरान टूटा स्लैब, गिर सकते हैं बच्चे; हादसे की आंशका