
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर/बीना। बीना में नाबालिग को ब्लैकमेल कर जान से मारने की धमकी देकर उसके ही परिवार के पुराने मकान से लाखों रुपए की नकदी और सोने के आभूषण चोरी कराने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपितों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण और 16.37 लाख रुपए कीमत के वाहन व अन्य सामान समेत कुल करीब 54.37 लाख रुपए का सामान बरामद किया है। चोरी की नकदी का कुछ हिस्सा आरोपित ने आईफोन, कार और मकान के रिनोवेशन में खर्च कर दिया।
पुलिस के अनुसार फरियादी परिवार वर्तमान में अपने नए मकान में रह रहा था। परिवार के पुराने पैतृक मकान में बड़ी मात्रा में नकदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखा था। 17 जून 2026 को परिवार के सदस्यों ने पुराने मकान में रखे सामान की जांच की तो नकदी और कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद थाना बीना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामला गंभीर होने पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और संदिग्धों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया और चोरी के संभावित कारणों एवं आरोपितों की गतिविधियों की पड़ताल शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस के सामने चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक आरोपित आयुष मैना निवासी बीना फरियादी परिवार के नाबालिग को ब्लैकमेल करता था और उसे जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाता था। इसी दबाव का फायदा उठाकर आरोपित ने नाबालिग से परिवार के पुराने मकान में रखे नकद रुपए और सोने के आभूषण चोरी करवाए।
पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आयुष मैना को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने फरियादी परिवार से करीब 13 लाख रुपए नकद और लगभग 40 तोला सोने के आभूषण लिए जाने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार चोरी की नकदी से आरोपित ने अलग-अलग सामान और वाहन खरीदे, जबकि सोने के आभूषण उसने अपने मामा अंकुश बाल्मिक निवासी गुना को दे दिए थे।
आयुष से पूछताछ के बाद पुलिस ने अंकुश बाल्मिक को भी गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए। इनमें करीब 70 ग्राम का सोने का हार, 30 ग्राम की चेन, 10 ग्राम का ब्रेसलेट, चार अंगूठियां, पेंडल, गिन्नी, करीब 60 ग्राम के चार कड़े, करीब 30 ग्राम का मंगलसूत्र और 30 ग्राम की एक अन्य सोने की चेन शामिल है। बरामद जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 38 से 40 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी आयुष मैना के कब्जे से चोरी की रकम से खरीदे गए वाहन और अन्य सामान भी बरामद किए हैं। बरामद सामान में वीवो मोबाइल, आइफोन 17 प्रो मैक्स, आइफोन 15, हुंडई वरना कार, रायल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल और मारुति सुजुकी अर्टिगा शामिल हैं।
इसके अलावा हायर कंपनी का एसी, एलईडी टीवी, स्टेबलाइजर, दो साउंड बाक्स, चार कुर्सियां, लकड़ी का बेड, लोहे का गेट, हेलमेट, मोटरसाइकिल नंबर प्लेट, साइड ग्लास और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार इन सामानों की कुल अनुमानित कीमत करीब 16.37 लाख रुपए है।
यह भी पढ़ें- एमपी में पेंशनभोगियों के लिए राहत की खबर, पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मामले में पुलिस ने आयुष मैना और अंकुश बाल्मिक को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया है। वहीं उनके सहयोगी सतीश अहिरवार निवासी शिवाजी वार्ड, बीना और मोनू पाल निवासी गुना को न्यायालय के आदेश के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि चोरी की रकम से खरीदे गए वाहन और अन्य सामान बरामद कर लिए गए हैं, जबकि शेष राशि और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
यह कार्रवाई एसपी अनुराग सुजानिया, एएसपी बीना जयवीर सिंह भदौरिया, एएसपी नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में की गई। एसडीओपी बीना अजय कुमार सनकत के नेतृत्व में थाना बीना पुलिस टीम ने मामले की जांच की। कार्रवाई में निरीक्षक अनूप यादव, लखन राज, कस्तूरी अहिरवार, विजय गौतम, राजेश पटेल, सौरभ रैकवार, संदीप यादव, दीप सिंह भदौरिया, बाबूलाल अहिरवार, राहुल सोलंकी, भूपेंद्र परिहार और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।