
नवदुनिया प्रतिनिधि, बीना। मां-बेटी को जिंदा जलाने की घटना में गुरुवार देर रात चौदह वर्षीय मासूम की मौत के बाद शुक्रवार शाम स्वजन उसका शव लेकर गांव जाने के बजाय सीधे बीना के सर्वोदय चौक पहुंच गए। यहां शव रखकर आरोपित काजल गोस्वामी के पति आकाश ठाकुर की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। स्वजनों का कहना था कि इतनी बड़ी घटना को महिला अकेले अंजाम नहीं दे सकती। इसमें उसके पति की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
शाम करीब साढ़े पांच बजे स्वजन भोपाल के हमीदिया अस्पताल से शव लेकर बीना पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे सीधे सर्वोदय चौक पहुंच गए। यहां शव रखकर देर तक अपनी मांग पर अड़े रहे। सूचना पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। त्योहार के कारण चौक और आसपास के मार्गों पर भीड़ बढ़ने से यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बनी। हालांकि स्वजनों ने चक्काजाम नहीं किया। इस दौरान थाना प्रभारी अनूप यादव ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि यदि चक्काजाम किया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार डॉ. अंबर पंत और थाना प्रभारी ने परिवार के लोगों से चर्चा की। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस नियमानुसार जांच कर रही है। मामले में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया। इसके बाद तीन पहिया ऑटो से शव गांव ले जाया गया।
स्वजनों का आरोप है कि आकाश ठाकुर के गिरजा बाई से प्रेम संबंध थे। इसी बात को लेकर काजल गोस्वामी ने मां-बेटी को जिंदा जलाने की घटना को अंजाम दिया। इतनी गंभीर घटना में आकाश की भूमिका की अनदेखी नहीं की जा सकती। हालांकि पुलिस ने अभी उसकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। परिवार के लोग इसी आधार पर उसकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- MP Weather: सर्दी की गिरफ्त में प्रदेश के कई जिले, भोपाल-इंदौर में पारा लुढ़का, हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन
बीना के एक गांव में सोमवार को मां-बेटी को जिंदा जलाने की घटना सामने आई थी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जबकि चौदह वर्षीय मासूम को भोपाल के हमीदिया अस्पताल भेजा गया था। उपचार के दौरान गुरुवार को महिला की मौत हो गई थी और देर रात चौदह वर्षीय मासूम ने भी दम तोड़ दिया।
महिला का अंतिम संस्कार गुरुवार को ही गांव में कर दिया गया था। मामले में आरोपित काजल गोस्वामी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।