सागर में मकान के ऊपरी कमरे में लगी आग, नीचे सो रहा था परिवार; लाखों का सामान खाक
कृष्णगंज वार्ड में पंकज साहू के मकान के ऊपरी कमरे से सुबह अचानक धुआं निकलने पर पड़ोसियों ने परिजनों को सूचना दी। आग से कूलर, फ्रिज, टीवी सहित लाखों रुपये का गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया।
Publish Date: Wed, 25 Nov 2026 11:20:26 AM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 11:20:26 AM (IST)
आग से कूलर, फ्रिज, टीवी सहित लाखों रुपये का गृहस्थी का सामान जलकर खाक। नईदुनिया।HighLights
- सागर के कृष्णगंज वार्ड में हुआ हादसा
- बुधवार सुबह मकान के ऊपरी कमरे में लगी आग
- कूलर, फ्रिज और टीवी समेत गृहस्थी का सामान राख
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। कृष्णगंज वार्ड में बुधवार सुबह एक मकान के ऊपरी कमरे में अचानक भीषण आग लग गई। आग से कमरे में रखा कूलर, फ्रिज, टीवी सहित गृहस्थी का अन्य सामान जलकर खाक हो गया। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
घटना के समय परिवार मकान के निचले फ्लोर पर सो रहा था, जबकि ऊपरी कमरे में रहने वाला पंकज साहू का भाई भोपाल गया हुआ था।
पड़ोसियों ने दिखाई तत्परता
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह पंकज साहू के मकान के ऊपरी कमरे से अचानक धुआं निकलने लगा। पड़ोसियों ने धुआं देखा तो तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन ऊपर पहुंचे तो कमरे में इतना धुआं भर चुका था कि अंदर जाना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड प्रभारी सईदउद्दीन कुरैशी टीम के साथ दो दमकल वाहनों से मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में वार्डवासी मौके पर जमा हो गए। वार्ड पार्षद अनूप उर्मिल भी घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।