
नईदुनिया प्रतिनिधि, बीना। भानगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरासर में सुतली बम फोड़ने के दौरान 12 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे ने सुतली बम के ऊपर स्टील का गिलास रखकर आग लगा दी। तेज धमाके के साथ गिलास का टुकड़ा उछलकर उसके पेट में घुस गया।
गंभीर चोट आने पर परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सागर रेफर कर दिया। सागर के एक निजी अस्पताल में बच्चे का ऑपरेशन किया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
बच्चे के पिता नीलेश साहू ने बताया कि सोमवार को वे खेत पर काम करने गए थे। परिवार की महिलाएं पूजा-पाठ में व्यस्त थीं। इसी दौरान बच्चा गांव की दुकान से 80 रुपये में सुतली बम खरीदकर ले आया।
उसने घर से स्टील का गिलास लिया और आंगन में सुतली बम के ऊपर रखकर आग लगा दी। धमाके के साथ गिलास का टुकड़ा उसके पेट में जा घुसा। बच्चे की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल लेकर गए।
यह भी पढ़ें- एमपी बोर्ड परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव, अब रटने से नहीं चलेगा काम, पूछे जाएंगे एप्लीकेशन बेस्ड सवाल
बच्चे के पिता ने गांव में बिना लाइसेंस पटाखे बेचने का आरोप लगाया है। भानगढ़ थाना प्रभारी धनेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। बिना लाइसेंस पटाखे बेचने की पुष्टि होने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।