नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। गोली लगने से घायल आरोपित रवि लखेरा को पुलिस ने शाहगढ़ न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
रवि का बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। स्वस्थ होने के बाद पुलिस उसे न्यायालय से रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
कोर्ट नहीं पहुंचा मनीष
वहीं दूसरी ओर मामले में फरार मनीष लोधी द्वारा न्यायालय में समर्पण की सूचना पर शनिवार को पुलिस की पैनी नजर रही। जिला न्यायालय के बिल्डिंग सहित पूरे परिसर में पुलिस सादी वर्दी में तैनात रही। पुलिस की योजना मनीष के न्यायालय में समर्पण के पूर्व उसे गिराफ्तार करने की थी, लेकिन वह नहीं आया।
दरअसल मामले में फरार रवि लखेरा का शार्ट अनकाउंटर की खबर लगते ही अन्य फरार आरोपी अब पुलिस के हत्थे नहीं आना चाहते। न्यायालय में समर्पण के संदेह के चलते पुलिस दिनभर पूरे न्यायालय परिसर में छिपकर मनीष का आने का इंतजार करती रही।
घटना के बाद से फरार
मामले का मुख्य आरोपी मनीष शराब की डिलीवरी करने के दो दिन पहले ही अपने रूट के अनुसार जिले से बाहर चला गया था। दो दिन बाद उसे जहरीली शराब से हुई मौतों और मामले में खुद के फंसने की जानकारी मिली, जिसके बाद वह फरार हो गया।
पुलिस को उसकी आखिरी लोकेशन सतना जिले में मिली है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।
चंदू 7 दिन की रिमांड पर
मामले के मुख्य आरोपी चंदू को पुलिस सात दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। उससे जहरीली और अवैध शराब की खरीद-फरोख्त सहित अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार चंदू शातिर अपराधी है और पूछताछ के दौरान कई बार पुलिस को गुमराह करने का प्रयास कर चुका है।
बंडा में 24 घंटे तैनात पुलिस अधिकारी
जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद जांच और कार्रवाई के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बंडा में लगातार डेरा डाले हुए हैं। दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एक एसडीओपी, करीब आठ से 10 निरीक्षक और 10 थाना प्रभारी स्तर के अधिकारी कार्रवाई में जुटे हैं।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया स्वयं बंडा थाने में रुककर कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। मामले की विवेचना में पुलिस अभियोजन अधिकारियों से भी कानूनी सलाह ले रही है।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने छह टीमें गठित की हैं। ये टीमें प्रदेश के अलग-अलग शहरों के साथ ही दूसरे राज्यों में भी आरोपितों की तलाश कर रही हैं।
अवैध शराब और वाहन जब्त
अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सागर पुलिस ने शुक्रवार को जिलेभर में कार्रवाई की।
पुलिस को आमजन से अवैध शराब संबंधी 61 सूचनाएं मिली थीं। सभी सूचनाओं की मौके पर पहुंचकर तस्दीक की गई, इस दौरान पुलिस ने 15 प्रकरण दर्ज कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से देशी शराब 59.58 लीटर, विदेशी शराब 24.60 लीटर और लाहन, कच्ची व हाथभट्टी की 23 लीटर शराब जब्त की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 51,915 रुपये है। कार्रवाई में एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया।
जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दें। इसके लिए मोबाइल नंबर 7701055235 जारी किया गया है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।- अनुराग सुजानिया, पुलिस अधीक्षक