
नवदुनिया प्रतिनिधि, देवरी। महाराजपुर में सोमवार रात उस समय लोगों की चिंता बढ़ गई, जब छह फीट लंबा मगरमच्छ एक मकान के गेट तक पहुंच गया। रात करीब 12 बजे संतू राजौरिया के मकान के सामने मगरमच्छ दिखाई दिया। उसे गेट की ओर बढ़ते देख सरपंच प्रतिनिधि संतोष सोनी को सूचना दी गई। उन्होंने दक्षिण वनमंडल के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद वन विभाग की टीम रात करीब एक बजे मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को पकड़ने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद रात डेढ़ बजे टीम ने उसे जाल में फंसा लिया। इस तरह सूचना मिलने से लेकर मगरमच्छ को पकड़ने तक करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। रेस्क्यू के बाद उसे रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व की नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
यह भी पढ़ें- वन विभाग नहीं आया तो दंपति ने खुद पकड़ा 4 फीट लंबा मगरमच्छ, फिर दफ्तर लेकर पहुंचे, हाथों में उठाकर सौंपा
संतोष सोनी के मुताबिक महाराजपुर के पास बने तालाब में बड़ी संख्या में मगरमच्छ रहते हैं। रात के समय वे तालाब से निकलकर रहवासी इलाके और घरों तक पहुंच जाते हैं। कुछ दिन पहले भी एक मगरमच्छ पकड़ा गया था। बार-बार आबादी के बीच मगरमच्छ दिखाई देने से रहवासियों में डर बना हुआ है।