सागर: निर्मला सप्रे ने महेश राय को खिलाई मिठाई; सांसद बोले- 'आप दोनों हमारे प्रिय, किसी को नहीं छोड़ेंगे'
सागर जिले के बीना में भाजपा कार्यालय में विधायक निर्मला सप्रे और पूर्व विधायक महेश राय को एक साथ बैठाकर सांसद ने कहा, आप दोनों हमारे प्रिय हैं, हम आप दोनों को नहीं छोड़ेंगे।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 10:51:17 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 11:11:15 AM (IST)
दोनों नेताओं की सार्वजनिक रूप से एक साथ मौजूदगी चर्चा का विषय रही। नईदुनिया।HighLights
- 2023 के चुनाव के बाद पहली बार साथ दिखे दोनों नेता
- सांसद रजनीश अग्रवाल ने दोनों नेताओं को बताया प्रिय
- कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला सप्रे ने भाजपा के महेश राय को हराया था
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर/बीना। राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने रविवार को भाजपा कार्यालय में विधायक निर्मला सप्रे और पूर्व विधायक महेश राय को एक साथ बैठाकर कहा- आप दोनों हमारे प्रिय हैं, हम आप दोनों को नहीं छोड़ेंगे। सांसद की इस टिप्पणी पर वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के चेहरे खिल उठे।
विधानसभा चुनाव में आमने-सामने रहे नेता
दरअसल, 2023 के विधानसभा चुनाव में आमने-सामने रहे दोनों नेताओं की मुलाकात चर्चा का विषय बन गई। सांसद अग्रवाल के नगर आगमन पर विधायक निर्मला सप्रे उनके साथ अटल मंच के पास स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचीं। यहां पूर्व विधायक महेश राय और उनके समर्थकों ने सांसद का स्वागत किया।
इसी दौरान निर्मला सप्रे ने महेश राय को मिठाई खिलाई तो उन्होंने बुंदेलखंडी अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा- निर्मला, हमें मिठाई मत खिलाओ, तुमने तो पूरी भाजपा को शुगर कर दिया। उनकी इस बात पर कार्यकर्ता ठहाके लगाने लगे।
2023 के बाद एक साथ दिखे
गौरतलब है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में निर्मला सप्रे ने भाजपा के महेश राय को हराया था। बाद में वह भाजपा में शामिल हो गईं। चुनाव के बाद पहली बार दोनों नेता इस तरह सार्वजनिक रूप से साथ नजर आए।
इस मुलाकात के दौरान शहर के विकास और रिफाइनरी क्षेत्र की एनडीजेड समस्या पर भी चर्चा हुई। स्थानीय लोगों के सवाल पर सांसद अग्रवाल ने अधिकारियों से जानकारी लेकर समाधान का प्रयास करने की बात कही। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को सदन में भी उठाएंगे।