
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर, बीना। बीना शहर के शिवाजी वार्ड में पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि 30 से 40 लोगों की भीड़ ने 32 वर्षीय संजय आदिवासी पर हमला कर दिया। इस दौरान उन पर चाकू से पांच वार किए गए। गंभीर रूप से घायल संजय को पहले सिविल अस्पताल बीना से सागर रेफर किया गया। वहां से भी चिकित्सकों ने उन्हें भोपाल ले जाने की सलाह दी। घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे की है।
जानकारी के अनुसार, शिवाजी वार्ड निवासी संजय आदिवासी घर के सामने पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि कुछ देर बाद 30 से 40 लोग एकत्रित होकर पहुंचे और संजय के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके शरीर पर पांच घाव आए।
घटना के बाद घायल को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सागर रेफर किया गया। परिजनों के मुताबिक, सागर में चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने के कारण भोपाल ले जाने की सलाह दी।
परिजनों ने पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटना की रात ही डायल 112 पर सूचना दी गई थी। सूचना मिलने पर वाहन का स्टाफ मौके पर पहुंचा, लेकिन बिना कोई कार्रवाई किए वापस चला गया। परिजनों ने इस मामले में समय पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई।
सुबह करीब 9 बजे घायल के परिजन और बेरखेड़ी टांडा से पहुंचे परिवार के अन्य सदस्य गांधी चौराहे पर एकत्रित हो गए। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उन्होंने चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।
यह भी पढ़ें- कमरे में बंद होकर चाकू लहरा रहा था युवक, काबू करने पहुंचे पुलिसकर्मी की पीठ पर किया हमला
सूचना मिलने पर छोटी बजरिया प्रभारी आरके जोरम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से चर्चा कर आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। परिजनों ने हमले के मामले में अंकित यादव, ललित यादव, कैलाश यादव और अंशुल यादव सहित अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं। सभी आरोपित ग्वालटोली निवासी बताए गए हैं।
यह भी पढ़ें- कमरे में बंद होकर चाकू लहरा रहा था युवक, काबू करने पहुंचे पुलिसकर्मी की पीठ पर किया हमला