खेत में बैग के अंदर मिला नवजात बच्ची का शव; सागर के राहतगढ़ का मामला, गांव में सनसनी
सागर के राहतगढ़ थाना क्षेत्र के टेहरा-टेहरी गांव में रमझिरिया मंदिर के पास खेत में खाकी रंग के बैग में नवजात बच्ची का शव मिला।
Publish Date: Sun, 01 Nov 2026 03:14:56 PM (IST)Updated Date: Sun, 01 Nov 2026 03:15:59 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- राहतगढ़ के गांव में खेत पर बैग के अंदर मिला शव
- करीब एक दिन की बताई जा रही बच्ची
- टेहरा-टेहरी गांव में रमझिरिया मंदिर के पास की घटना
नईदुनिया प्रतिनिधि सागर/राहतगढ़। थाना क्षेत्र के ग्राम टेहरा-टेहरी में शनिवार सुबह रमझिरिया मंदिर के पास खेत में एक खाकी रंग के बैग के अंदर नवजात बच्ची का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
ग्रामवासी ने देखा शव
पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने मंदिर के पास खेत में एक संदिग्ध बैग देखा। बैग खोलने पर उसमें नवजात बच्ची का शव मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
1 दिन की है नवजात
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्ची करीब एक दिन की बताई जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। इसके बाद शव को मुक्तिधाम में दफनाया गया।
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि नवजात बच्ची का शव खेत में बैग के अंदर किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।