देवास में TI दिलीप पुरी की हत्या का मामला, पुलिस ने 'शराब तस्करी' के 35 लाख रुपये किए जब्त
देवास के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि इस हत्या के मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से छह पुलिस हिरासत में हैं।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 01:08:26 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 01:14:42 PM (IST)
HighLights
- यह रकम अवैध शराब के कारोबार से कमाई गई थी
- शराब के ठेके में प्रत्येक की 30-30 प्रतिशत हिस्सेदारी थी
- पुलिस को आरोपियों के बीच कई वॉट्सएप चैट भी मिली हैं
डिजिटल डेस्क, सागर। मध्य प्रदेश के देवास जिले में एक पुलिस अधिकारी की हत्या के मुख्य आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने शराब तस्करी से कमाई गई 35 लाख रुपये की नकदी जब्त की है। पिछले हफ्ते देवास जिले में अवैध शराब की अंतरराज्यीय तस्करी को रोकने की कोशिश के दौरान खातेगांव पुलिस स्टेशन के प्रभारी दिलीप पुरी को एक ट्रक से कुचलकर मार डाला गया था।
देवास के पुलिस अधीक्षक (SP) आदित्य मिश्रा ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि इस हत्या के मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से छह पुलिस हिरासत में हैं।
यह रकम अवैध शराब के कारोबार से कमाई गई थी
पुलिस अधीक्षक मिश्रा ने कहा, मुख्य आरोपी राहुल जायसवाल से मिली जानकारी के आधार पर लगभग 35 लाख रुपये जब्त किए गए हैं। यह रकम अवैध शराब के कारोबार से कमाई गई थी। एसपी ने बताया कि गिरोह के सदस्यों या उनके साथियों ने बड़वानी जिले के रहने वाले पटेंद्र जायसवाल के नाम पर हरदा जिले में 40 करोड़ रुपये के शराब के ठेके लिए थे।
शराब के ठेके में प्रत्येक की 30-30 प्रतिशत हिस्सेदारी थी
उन्होंने कहा, इन ठेकों में पटेंद्र की हिस्सेदारी सिर्फ 10 प्रतिशत थी, जबकि राहुल जायसवाल, मनीष जायसवाल और मोहिन जायसवाल में से प्रत्येक की 30-30 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। जांच की कड़ियों को जोड़ने के लिए पुलिस ने इंदौर में मनीष जायसवाल के कार्यालय पर छापा मारा और कुछ लोगों से पूछताछ की।
पुलिस को आरोपियों के बीच कई वॉट्सएप चैट भी मिली हैं
एसपी मिश्रा ने बताया कि पुलिस को आरोपियों के बीच कई वॉट्सएप चैट भी मिली हैं, जिनमें अवैध शराब के कारोबार से हुए मुनाफे और भागीदारों के बीच पैसों के बंटवारे का विवरण है। 2 नवंबर तड़के दिलीप पुरी को गुजरात भेजी जा रही अवैध शराब की एक खेप के बारे में जानकारी मिली थी, जिसके बाद वे इंदौर-बैतूल हाईवे पर एक जगह पहुंचे थे।
पुरी ने 1,800 लीटर से अधिक शराब ले जा रहे एक ट्रक को रोका। जब उन्होंने ड्राइवर से पूछताछ करने की कोशिश की, तो वह भागने के चक्कर में ट्रक को सड़क के डिवाइडर पर चढ़ा ले गया। इस दौरान पुरी ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गए और कुचले गए।
आरोपियों में से एक मोहिन जायसवाल की गुजरात के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फरार रहने के दौरान उसे ब्रेन स्ट्रोक आ गया था।