
नईदुनिया प्रतिनिधि, केसली। तहसील कार्यालय में दस्तावेज लेखक का काम करने वाले रामराज यादव पर महिला से कथित अभद्रता के आरोप के बाद आधा दर्जन महिलाओं ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। महिलाएं एक साथ उसके कक्ष में पहुंचीं। गेट बंद करने की कोशिश के दौरान पहले दरवाजे पर चप्पल मारी, फिर जैसे ही रामराज ने दरवाजा खोला, महिलाओं ने उसे घेर लिया और चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया।
कक्ष के अंदर शुरू हुई पिटाई से बचने के लिए वह बाहर गैलरी की ओर भागा, लेकिन महिलाओं ने वहां भी उसे घेर लिया। चप्पलों से लगातार पिटाई के बीच वह किसी तरह महिलाओं के घेरे से निकलकर कार्यालय के बाहर की ओर दौड़ा। इस दौरान एक महिला ने उसका दूर तक पीछा किया।
पूरे घटनाक्रम का 59 सेकंड का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें करीब 40 सेकंड तक महिलाएं रामराज यादव पर चप्पलें बरसाती नजर आ रही हैं। वीडियो में कक्ष के दरवाजे से लेकर अंदर पिटाई, गैलरी में घेरने और फिर उसके भागने तक का घटनाक्रम कैद है। घटना के बाद महिलाओं ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- भोपाल मंडल में 155 इलेक्ट्रिक इंजनों में लगा 'कवच' सिस्टम, ट्रैक और स्टेशनों पर काम शुरुआती चरण में