
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवरी कला। जिले में शराब के सेवन से लोगों की मौत और बीमार होने की खबरों के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर जिलेभर में शराब का सेवन करने वालों के स्वास्थ्य परीक्षण का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में देवरी की दोनों शराब दुकानों सहित ग्राम चीमा ढाना में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया।
देवरी में बस स्टैंड और झिरना पुल स्थित शराब दुकानों पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम आबकारी विभाग के अधिकारियों और पुलिस बल के साथ पहुंची। यहां शराब खरीदने पहुंचे आदतन शराबियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही उनके ब्लड सैंपल भी लिए गए, ताकि स्वास्थ्य संबंधी स्थिति की जांच की जा सके।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान डॉ. अमित रंजन त्रिपाठी ने लोगों को शराब के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शराब का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है। यदि कोई व्यक्ति शराब का सेवन करता है तो कम से कम मात्रा में करे। साथ ही गांवों में दुकानों और अन्य स्थानों पर बिकने वाली अवैध शराब खरीदने और उसका सेवन करने से बचें।
यह भी पढ़ें- एमपी में सड़क निर्माण में लापरवाही... अब भी पुरानी सड़कों पर बिछा रहे परतें , FDR तकनीक से बच रहे निकाय
इस दौरान डॉक्टर अवधेश लोधी, फार्मासिस्ट राजेश, पैथोलॉजिस्ट अनुराग दुबे, आबकारी सब-इंस्पेक्टर मदन कुमार यादव, राजकुमार सहित स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।