MP के सागर में जाम उठाने से पहले हेल्थ चेकअप, जांच से बच रहे 'शराबियों' के घर पहुंचेगी टीम
शराब दुकानों पर डॉक्टर खून के नमूने ले रहे हैं, हेल्थ रिपोर्ट कार्ड बना रहे हैं और शराब के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर दवाएं भी दे रहे हैं। करीब 300 घनघोर शराबियों को चिह्नित किया गया है। अब संयुक्त टीम घर पहुंचकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण करेगी।
Publish Date: Wed, 25 Nov 2026 09:14:08 AM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 10:07:01 AM (IST)
सागर के झांसी रोड स्थित शराब दुकान के बाहर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करते करते चिकित्सक। नईदुनिया।HighLights
- जहरीली शराब से 39 मौतों के बाद प्रशासन का अभियान
- शराब दुकानों पर जाम उठाने से पहले हो रही स्वास्थ्य जांच
- जांच से कतरा रहे 300 अत्यधिक शराबियों की सूची तैयार
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर । मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्रों के गांव में सितंबर में जहरीली शराब से 39 लोगों की मौत के बाद जिला प्रशासन नई राह बना रहा है। शराबियों को जहरीली शराब से बचाने के लिए प्रशासन ने उनके स्वास्थ्य परीक्षण का अभियान शुरू किया है।
इसके तहत शराब की दुकानों पर नियमित-शराबियों के जाम उठाने से पहले डॉक्टर उनकी सेहत की जांच कर रहे हैं। उनका हेल्थ रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जा रहा है।
नियमित शराबियों की जांच
अभियान में डाक्टरों की टीम आबकारी कर्मचारियों के साथ शराब दुकानों पर जा रही है। वहां नियमित शराबियों की जांच हो रही है, उनके खून आदि के नमूने लिए जा रहे हैं और उन्हें शराब के दुष्प्रभावों, उसकी वजह से उनको होने वाले खतरों, बीमारियों की जानकारी दी जा रही है। शराबियों को दवा भी दी जा रही है। वहीं, जगह-जगह बैनर-पोस्टर लगाकर अवैध शराब नहीं पीने की अपील की जा रही है।
पिछले तीन दिनों में सागर, बीना, बंडा, खुरई, देवरी, केसली और गौरझामर में 417 शराबियों की जांच हुई। जांच रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टरों की यह टीम दोबारा जांच करेगी। किसी गंभीर बीमारी का पता चलने पर शराबी और उनके स्वजन को सूचना देकर इलाज शुरू कराया जाएगा।
चिह्नित किए गए 300 घनघोर शराबी
अधिकांश शराबी अपना चेकअप कराने से बच रहे हैं। दुकान पर उनको जांच के लिए बुलाने पर खुद को स्वस्थ बताकर निकल जा रहे हैं। आबकारी विभाग ने पिछले दिनों शराब दुकानों से ऐसे लोगों के नाम-पते मांगे थे जो नियमित तौर पर अत्यधिक शराब का सेवन करते हैं।
अब तक जिले भर से ऐसे करीब 300 शराबियों का ब्यौरा मिला है। स्वास्थ्य विभाग, आबकारी विभाग, आशा और ऊषा कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीम इन लोगों के घर पहुंचकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण करेगी।
रोजाना शराब का सेवन करने वाले लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, ताकि संबंधितों को हुई बीमारियों की स्थिति का पता चल सके।- दिलीप कुमार यादव, कलेक्टर, सागर