सागर में शराब दुकानों पर डॉक्टरों को देख घटी बिक्री, प्रशासन बोला- हेल्थ चेकअप जरूरी नहीं
सागर में शराब दुकानों पर स्वास्थ्य जांच से बिक्री घटने की ठेकेदारों ने की शिकायत तो आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया- मदिरा खरीदने से पहले जांच अनिवार्य नहीं है।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 08:50:28 AM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 08:50:28 AM (IST)
दुकानों पर डॉक्टरों की टीम ने की स्क्रीनिंग। नईदुनिया।HighLights
- शराब दुकानों पर स्वास्थ्य जांच से बिक्री घटने की ठेकेदारों ने की शिकायत
- आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया- मदिरा खरीदने से पहले जांच अनिवार्य नहीं
- आदतन शराबियों के नमूनों की प्रारंभिक रिपोर्ट में सामने आई लीवर की समस्या
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। शराब दुकान में आने वाले शराबियों की जांच के चलते ठेकेदारों की बिक्री कम हो गई है, इसको लेकर ठेकेदारों ने आबकारी विभाग से फरियाद की है। अब विभाग ने बकायदा विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि शराब दुकानों पर स्वास्थ्य जांच अनिवार्य नहीं है।
विभाग का कहना है कि कि मदिरा खरीदने से पहले किसी भी व्यक्ति का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य नहीं किया गया है। सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण का मदिरा क्रय से कोई संबंध नहीं है।
दुकानों पर हेल्थ चेकअप जारी
बुधवार को आबकारी विभाग डॉक्टरों को लेकर एक बार फिर शराब दुकानों पर पहुंचा। टीम द्वारा खुरई, बीना, केसली, सागर के धर्माश्री सहित अन्य शराब दुकानों पर जाकर शराबियों की स्क्रीनिंग की गई और नशे के खिलाफ उन्हें जागरुक किया गया।
रिपोर्ट में लीवर की बीमारी आई सामने
इस दौरान शारीरिक रूप से कमजोर शराबियों को विटामिन की गोलियां भी वितरित की गई। वहीं दूसरी ओर रविवार से शुरू हुए स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान लिए गए नमूनों की प्रारंभिक रिपोर्ट में आदतन शराबियों को लीवर संबंधी समस्या सामने आ रही है।