सागर में जिलेटिन और डेटोनेटर के अवैध गोदाम का भंडाफोड़, भूसे में मिले 87 कार्टून
बहेरिया थाना क्षेत्र के मझगुवां गांव में पुलिस ने दुलीचंद पटेल के घर के पीछे बने कमरे से जिलेटिन विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की। मौके से एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया।
Publish Date: Sun, 08 Nov 2026 10:29:23 AM (IST)Updated Date: Sun, 08 Nov 2026 10:29:23 AM (IST)
दुलीचंद पटेल और उत्तर प्रदेश के आंबेडकर नगर निवासी रिंकू के विरुद्ध प्रकरण दर्ज हुआ है। नईदुनियाHighLights
- सागर में अवैध विस्फोटक गोदाम पकड़ा
- 87 कार्टून विस्फोटक सामग्री जब्त
- दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि,सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में बहेरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मझगुवां गांव में जिलेटिन विस्फोटक से भरा अवैध गोदाम पकड़ा गया है। पुलिस मौके से विस्फोटकों के अलावा पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है। यह विस्फोटक दुलीचंद पटेल के घर के पीछे बने कमरे से बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुलीचंद पटेल भूसे के बीच जिलेटिन राड, डेटोनेटर सहित अन्य विस्फोटक सामग्री छिपाकर अवैध कारोबार कर रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने 87 कार्टून में भरी विस्फोटक सामग्री, सुप्रीम प्लेन डेटोनेटर, पीवीसी ट्यूब एसेसरीज (के-22) की आठ पेटियां, इलेक्ट्रानिक डेटोनेटर के सात पैकेट, 22 किलोग्राम सेफ्टी फ्यूज के दो पैकेट और 42 छोटे-बड़े खुले एसटीडी/टीएलडी उपकरण जब्त किए।
यूपी से जुड़े तार
गिरफ्तार रिंकू उत्तर प्रदेश के आंबेडकर नगर जिले के जहांगीर थाना क्षेत्र के ग्राम नरियाव का निवासी है। पुलिस ने रिंकू और दुलीचंद के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, विस्फोटक अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
खतरनाक है विस्फोटक
बता दें कि जिलेटिन एक औद्योगिक उच्च विस्फोटक है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से खदानों में चट्टानें तोड़ने, कुआं-सुरंग बनाने और निर्माण कार्यों में किया जाता है। दुर्घटना से अगर यह फट जाए तो आसपास भयंकर तबाही मचा सकता है।