सागर में देर रात ट्रक से टकराई तीर्थ यात्रियों की मिनी बस; बुजुर्ग की मौत, कई घायल
छिंदवाड़ा जिले के तीर्थ यात्री मथुरा-वृंदावन दर्शन कर मिनी बस से लौट रहे थे। सड़क पर चल रहे वाहन को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 09:33:29 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 09:33:29 AM (IST)
हादसे के बाद दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। नईदुनिया।HighLights
- सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बमोरी बीका के पास हादसा
- तीर्थ यात्रियों से भरी मिनी बस आगे चल रहे ट्रक से टकराई
- हादसे में एक बुजुर्ग यात्री की मौके पर मौत, कई घायल
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बमोरी बीका में देर रात तीर्थ यात्रियों से भरी मिनी बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक बुजुर्ग तीर्थ यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मथुरा-वृंदावन से लौट रही थी बस
जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा जिले के तीर्थ यात्री मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए गए थे। दर्शन करने के बाद सभी मिनी बस से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बमोरी बीका के पास सड़क पर चल रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई। बस में करीब एक दर्जन यात्री सवार थे।
घायलों का इलाज जारी
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस और एंबुलेंस कर्मियों ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।