
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर। कैंट थाना क्षेत्र में रेलवे गेट क्रमांक 26 के ओवरब्रिज के नीचे महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। चरित्र संदेह पर पति ने ही महिला की गला दबाकर हत्या कर उसकी पहचान मिटाने के लिए बड़ा-सा पत्थर उसके सिर पर पटक दिया था। विवेचना के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची।
पुलिस ने 62 वर्षीय ऑटो चालक पति दौलतराम उर्फ ऋषभ कुमार अहिरवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल करीब 3.5 किलो वजनी खून से सना पत्थर भी बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार 16 नवंबर की रात कैंट थाना पुलिस को रेलवे गेट क्रमांक 26 के ओवरब्रिज के नीचे चिरई कॉलोनी के पास एक महिला की हत्या की सूचना मिली थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो मृतका की पहचान शांतिबाई अहिरवार के रूप में हुई। मामले में कैंट थाना पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि महिला शनि मंदिर के पास भिक्षावृत्ति करती थी। आरोपी को पता था कि वह कबूला पुल और शनि मंदिर के आसपास घूमती रहती है। घटना की रात वह महिला को बातचीत करने के बहाने अपने ऑटो में बैठाकर ले गया था। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, शनि मंदिर, भगवानगंज तिराहा, चौकसे चौराहा सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इनमें आरोपी महिला को ऑटो में ले जाते हुए दिखाई दिया। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।
पुलिस ने आरोपी दौलतराम उर्फ ऋषभ कुमार अहिरवार (62 वर्ष) निवासी बड़ा करीला संत रविदास वार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने महिला को पहचानने से ही इनकार कर दिया, लेकिन पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि शांतिबाई उसके साथ पत्नी के रूप में रहती थी, लेकिन करीब पांच साल से दोनों अलग रह रहे थे। उनके बीच चरित्र संदेह और आपसी विवाद को लेकर तनाव था।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि 16 नवंबर की रात करीब 9 से 9:30 बजे वह महिला को बातचीत के बहाने ओवरब्रिज के नीचे ले गया था। वहां विवाद बढ़ने पर उसने महिला का गला दबाया और फिर भारी पत्थर से सिर व चेहरे पर वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह सामान्य तरीके से अपने घर चला गया। हत्या में इस्तेमाल पत्थर को घटनास्थल के पास ही छिपा दिया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी और शांतिबाई के तीन बच्चे थे। इनमें एक बच्चे की मृत्यु हो चुकी है, जबकि दो बेटियों की शादी हो चुकी है और वे अपने ससुराल में रहती हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल करीब 3.5 किलो वजनी खून से सना गोल चपटा पत्थर जब्त किया है। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे, कंट्रोल रूम प्रभारी आरकेएस चौहान, उपनिरीक्षक संजय बामनिया सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- एमपी में तूफान अकवान की एंट्री... रीवा-शहडोल समेत इन 10 जिलों में तेज बारिश, 22 नवंबर तक दिखेगा असर