
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। जहरीली शराब प्रकरण के मुख्य आरोपित और 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर की बुधवार को पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी पर हुई मुठभेड़ में मनीष के पैर में गोली लगी। उसका साथी आशीष साहू भी घायल हुआ है। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है।
पुलिस के अनुसार, थाना बड़ा और विनायका क्षेत्र के जहरीली शराब प्रकरण में मनीष लोधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। बुधवार 23 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे पुलिस टीम आरोपित की धरपकड़ के लिए मालथौन थाना क्षेत्र में पहुंची थी। इसी दौरान नोनिया-सेसई रोड घाटी पर पुलिस टीम का सामना मनीष लोधी और उसके साथी आशीष साहू से हो गया।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपितों ने टीम पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ कार्रवाई की, जिसमें मनीष लोधी के पैर में गोली लगी। वहीं, गिरफ्तारी से बचने के लिए भाग रहे आशीष साहू के भी घायल होने की बात पुलिस ने बताई है।
यह भी पढ़ें- सागर में जहरीली शराब से मौतों की निष्पक्ष जांच की मांग, हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर
मौके से पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से दो देशी कट्टे, पांच खाली कारतूस और एक बेसबॉल का डंडा बरामद किया है। घटनास्थल पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। मामले में वैधानिक कार्रवाई और विस्तृत विवेचना जारी है।