
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। जहरीली और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बंडा क्षेत्र के ग्राम मझगुआ में एक बंद मकान से 59 पेटी देशी और विदेशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 4,01,680 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के आदेश और सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडे के निर्देशन में टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम मझगुआ में नितिन उर्फ शालू लोधी के बंद मकान पर दबिश दी। मकान का ताला तोड़कर तलाशी लेने पर वहां से 5 पेटी मैकडॉवेल नंबर-1 व्हिस्की, 19 पेटी मैकडडावेल नंबर-1 रम, 2 पेटी सागर गोल्ड व्हिस्की और 33 पेटी देशी मसाला शराब बरामद हुई। कुल 59 पेटियों में 531 बल्क लीटर शराब रखी हुई थी।
आबकारी विभाग ने शराब जब्त कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। विभाग अब जब्त शराब के स्रोत का पता लगा रहा है। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सियाराम चौधरी, आरक्षक शिवानी, होमगार्ड सैनिक प्रेमचंद राय और प्राण सिंह तथा पुलिस के प्रधान आरक्षक बालकिशन सिंह और आरक्षक जयकिशन की भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- MP में UPSC और MPPSC की भी फ्री कोचिंग, हिंदी ग्रंथ अकादमी की बैठक में मंत्री परमार का ऐलान