Sagar News: मंडीबामोरा में ट्रेन के सामने कूदकर प्रेमी युगल ने दी जान
गोरखपुर से पनवेल की ओर जा रही ट्रेन के सामने आकर जान दे दी। युवती ककरूआ और युवक आगासौद का रहने वाला था।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Tue, 13 Jun 2023 12:30:51 PM (IST)
Updated Date: Tue, 13 Jun 2023 12:30:51 PM (IST)

सागर/बीना, नवदुनिया प्रतिनिधि। मंडीबामोरा जीआरपी क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के सामने आकर जान दे दी। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात्रि एक बजे हुए हादसे की जानकारी जीआरपी को लगने के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका पोस्टमार्टम होगा। हालांकि दोपहर बारह बजे तक पुलिस अस्पताल नहीं पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार जूही पिता भूरा सिंह खंगार 21 वर्ष निवासी ग्राम ककरूआ एवं संजू उर्फ संजय पिता देवी सिंह कुशवाहा, 21 वर्ष निवासी ग्राम आगासौद थाना कुरवाई का आपस में प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने एक साथ रात्रि एक बजे गोरखपुर से पनवेल की ओर जा रही ट्रेन के सामने आकर जान दे दी। जीआरपी चौकी प्रभारी मलखान यादव ने बताया कि मामला प्रथमदृष्टया प्रेम प्रसंग का है। बाकी उन्होंने ऐसा क्यों किया, इसकी जानकारी जांच के दौरान ही पता चलेगी। इधर घटना की सूचना मिलते ही लड़का-लड़की के स्वजन अस्पताल पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। लड़का संजू विदिशा जिले के फ्रीगंज में डीजे की दुकान चलाता था। मंडीबामोरा में सड़क के दूसरी तरफ फ्रीगंज सीहोरा जिला विदिशा लगता है।
क्षेत्र में मच गया था हड़कंप
मंडीबामोरा में मुक्तिधाम के पास सुबह जैसे ही लोगों को युवक, युवती के शव पड़े होने की सूचना मिली, गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर भागे। मौके पर पहुंची जीआरपी ने स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को रेल पटरी से दूर भगाया।