Sagar News: सागर स्मार्ट सिटी को गुड म्युनिसिपल गवर्नेंस श्रेणी में मिला स्काच अवार्ड
Sagar News: नई दिल्ली में हुए समारोह में सागर स्मार्ट सिटी सीइओ ने प्राप्त किया पुरस्कार। ...और पढ़ें
By Nai Dunia News NetworkEdited By: Nai Dunia News Network
Publish Date: Sat, 27 May 2023 06:35:31 PM (IST)Updated Date: Sat, 27 May 2023 08:00:53 PM (IST)

Sagar News:सागर (नवदुनिया प्रतिनिधि)। डिजिटल, वित्तीय और सामाजिक समावेशन में सर्वोत्तम प्रयासों और विकास में योगदान देने वाली असाधारण उपलब्धियों के लिए स्काच समूह द्वारा दिया जाने वाला भारत का प्रतिष्ठित स्काच पुरस्कार सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ला ने शनिवार को नई दिल्ली में प्राप्त किया।
इस दौरान कंपनी सचिव रजत गुप्ता भी उपस्थित रहे। 4 मई को आयोजित की गई आनलाइन अवार्ड सेरेमनी के दौरान म्यूनिसिपल गवर्नेंस श्रेणी में सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को स्काच अवार्ड की घोषणा की गई थी। डा. भीमराव आंबेडकर सेंटर नई दिल्ली में आयोजित हुए 92वें स्काच समिट के अवार्ड वितरण समारोह के दौरान देश की 100 स्मार्ट सिटीज में से सागर एकमात्र स्मार्ट सिटी थी, जिसे बेहतर विकास कार्यों के लिए देश के प्रतिष्ठित इंडियास आनेस्ट इंडिपेंडेंट आनर स्कॉच अवार्ड-2023 से सम्मानित किया गया।
भारत को एक बेहतर राष्ट्र बनाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने वाले लोगों, परियोजनाओं और संस्थानों को इस प्रतिष्ठित अवार्ड से सम्मानित किया जाता है। यह अवार्ड सागर में गुड म्यूनिसिपल गवर्नेंस के लिए किए गए स्मार्ट सिटी के प्रयासों को प्रदान किया गया है। सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा सिटी गवर्नेंस के बेहतर प्रबंधन के लिए विभिन्न विभागों की सेवाओं को इंटीग्रेट कर मॉनिटर किया जा रहा है। इसके साथ ही आईटीएमएस, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत कचरा कलेक्शन वाहनों की मानीटरिंग, रोड स्वीपिंग मशीन, जेटिंग कम सक्शन मशीनों, लिटर पिकर वाहनों आदि की सतत मानीटरिंग ने स्वच्छता में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। फायर व्हीकल्स की मानिटरिंग आदि से जुड़ी परियोजनाओं के कुशल संचालन से शहर की लोक सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सका है।
लोक सेवाओं के बेहतर संचालन से सागर गुड म्युनिसिपल गवर्नेंस वाला शहर बनने में सक्षम बना है। गौरतलब है कि इस पुरस्कार के लिए देश के 150 शासकीय विभागों सहित अन्य संस्थाओं और सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने प्रविष्ठियां जमा की थीं। स्काच अवार्ड के जूरी सदस्यों ने विभिन्न स्तरों पर मूल्यांकन करने के बाद विजेताओं के नाम की घोषणा की थी, जिन्हें शनिवार को नई दिल्ली में पुरस्कृत किया गया। मध्यप्रदेश को स्काच अवार्ड की विभिन्न श्रेणियों में मिले कुल 4 अवार्डों में सागर स्मार्ट सिटी भी शामिल है।