Sagar News: रैन बसेरा की दीवार गिरने से मलबे में दबे दो मजदूर, अस्पताल में एक की मौत
सागर में नगरपालिका के रैन बसेरा की दीवार गिरने से 2 मजदूर उसमें दब गए। मलबे में घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक की मौत हो गई। ...और पढ़ें
By Neeraj PandeyEdited By: Neeraj Pandey
Publish Date: Thu, 05 Oct 2023 07:30:36 PM (IST)Updated Date: Thu, 05 Oct 2023 07:30:36 PM (IST)
रैन बसेरा की बाउंड्रीवाल टूटने से गिरा मलबा।HighLights
- रैन बसेरा की दीवार गिरने से मलबे में दबे दो मजदूर
- उपचार के दौरान एक मजदूर की मौत
- सागर नगर पालिका का था रैन बसेरा
बीना (नवदुनिया न्यूज)। एक्सीलेंस स्कूल के सामने नाली निर्माण के लिए खोदाई कर रहे दो मजदूरों के ऊपर रैन बसेरा की दीवार गिर गई। जिससे दोनों मजदूर घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों द्वारा मलबे के नीचे से निकालकर अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां से दोनों को सागर रैफर कर दिया गया। एक मजदूर की सागर में उपचार के दौरान मौत हो गई है।
नगर पालिका का रैन बसेरा
एक्सीलेंस स्कूल के सामने नगर पालिका का रैन बसेरा है। जिसमें नगर पालिका द्वारा वाहनों की पार्किंग सहित सामान को स्टोरेज किया जाता है। यहां वर्षों पुरानी बाउंड्रीवाल बनी हुई थी, जो बुधवार की सुबह 10 बजे के आसपास अचानक ढह गई। दीवार किनारे नगर पालिका नाली निर्माण करा रही थी, जिसके लिए मजदूर खोदाई कार्य कर रहे थे। अचानक दीवार ढहने से दो मजदूर मलबे में दब गए। दोनों मजदूरों को वहां मौजूद अन्य लोगों ने निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार देकर सागर रेफर कर दिया।
उपचार के दौरान एक मजदूर की मौत
घायलों को 108 एंबुलेंस से बुंदेलखंड मेडिकल कालेज भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान करण पिता मुन्नालाल धानक 35 वर्ष की मौत हो गई है। घायल महिला पुष्पा धानक का उपचार जारी है। मामले में सीएमओ इशांक धाकड़ का कहना है कि मजदूर एक ठेकेदार के थे। नगरपालिका के नहीं थे। आर्थिक सहयोग या आर्थिक सुरक्षा उनके पास उपलब्ध दस्तावेजों, मसलन संबल कार्ड के आधार पर ही मुहैया हो सकती है।
दीवार नपा की, ठेकेदार पर होगा मामला दर्ज
जो दीवार गिरी है वह नगरपालिका की है। दीवार जर्जर और अधिक पुरानी हो गई थी, जिस कारण गिर गई। लेकिन पुलिस द्वारा ठेकेदार पर मामला दर्ज किया जाएगा। थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर का कहना है कि नाली दीवार से बिल्कुल सटकर बनाई जा रही थी। इस कारण दीवार गिरी है। जांच उपरांत ठेकेदार के विरुद्ध अपराध दर्ज किया जाएगा।