Sagar News: धार्मिक गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में हिंसक टकराव, इलाके में पसरा तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा
कैंट थाना क्षेत्र के सदर 12 मुहाल की घटना। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 17 लोगों को किया गिरफ्तार, धारा 144 लगाई ...और पढ़ें
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 31 Mar 2024 09:59:43 AM (IST)Updated Date: Sun, 31 Mar 2024 11:04:45 AM (IST)
HighLights
- हालात संभालने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
- भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
- आरोपितों ने ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट करते हुए उसका वाहन भी तोड़ दिया।
सागर (नवदुनिया प्रतिनिधि)। शहर के कैंट थाना क्षेत्र के सदर 12 मुहाल में ई- रिक्शा में धार्मिक गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में शनिवार रात विवाद हो गया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। समुदाय विशेष के लोगों के पथराव और शक्ति प्रदर्शन के दौरान जुटी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस विवाद में एक युवक को चाकू भी मारा गया। घटना की रात से ही यहां पुलिस बल तैनात है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 17 लोगों की गिरफ्तारी की गई। वहीं क्षेत्र में धारा 144 लगाई गई है।
![naidunia_image]()
यह है मामला
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला रात करीब 11 बजे तक शुरू हुआ। जब राहुल राठौर नाम का आटो चालक 12 मुहाल से अपना आटो रिक्शा लेकर निकल रहा था। इस दौरान उसके आटो में धार्मिक गाना बज रहा था। इसी को लेकर वहां पर विवाद की स्थिति बनी। आटो चालक राहुल का कहना है कि 12 मुहाल के पास दूसरे समुदाय के लोगों ने उसे रोका और गाना बजाने की बात को लेकर विवाद करने लगे। आरोपितों में से ही कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसका आटो भी तोड़ दिया।
वहीं समुदाय विशेष के लोगों द्वारा की गई मारपीट की जानकारी जब दूसरे पक्ष को लगी तो वह भी इकठ्ठा हो गए। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन उपद्रवियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
ई-रिक्शा चालक राहुल राठौर ने बताया कि वह अपने दोस्त सौरभ कपालिया के साथ जा रहा था। तभी यह विवाद हुआ। आरोपितों ने राहुल और सौरभ को जमकर पीटा विवाद में बीच बचाव करने आए गुड्डू माली नाम के युवक पर भी उपद्रवियों में से किसी ने चाकू से हमला कर दिया। विवाद की सूचना के बाद नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, भाजपा नेता जगन्नाथ गुरैया सहित हिंदू संगठन की कई नेता कैंट थाने पहुंचे और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 17 आरोपितों की पहचान की है। उनकी गिरफ्तारी की है। वर्तमान में आचार संहिता के कारण धारा 144 भी लगी हुई है। कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत किसी भी प्रकार की सभा के आयोजन की अनुमति नहीं दी गई है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी सभा का आयोजन प्रतिबंधित किया गया है।