
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर। शाहगढ़ में बुधवार को देर शाम हुई नर्स की हत्या का आरोपित मृतका का रिश्तेदार ही निकला। आरोपित ने जबलपुर के पनागर से आकर इस वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद वहां से भाग निकला। जानकारी के मुताबिक आरोपित मृतका नर्स दीपशिखा का रिश्ते में मौसेरा भाई है, जो उससे एकतरफा प्रेम किया करता था।
इसी बात को लेकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। गुरुवार को आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर मृतका क स्वजनों ने सागर-कानपुर हाईवे पर चक्काजाम किया। इससे कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही भी थमी।
शाहगढ़ पुलिस के अनुसार हत्या की वारदात के बाद जब आरोपित की तलाश व जानकारी जुटाई गई तो उसकी पहचान जबलपुर के पनागर निवासी सुशील आठया के रूप में सामने आई। वह मृतक नर्स का रिश्तेदार है।
मृतका व आरोपित पहले से ही एक-दूसरे को भलीभांति जानते थे। सुशील बेरोजगार था, वह दीपशिखा पर शादी का दबाव बना रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपित की तलाश की जा रही है। इसके लिए जबलपुर भी टीम भेजी है। जबलपुर पुलिस की मदद भी ली जा रही है।
गौरतलब है कि बुधवार की शाम करीब आठ बजे शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ जबलपुर के पाटन निवासी दीपशिखा चढ़ार अस्पताल के बाहर आई तो उसे आरोपित ने गोली मार दी। दीपशिखा दो साल से शाहगढ़ में पदस्थ थी। बुधवार को उसकी ड्यूटी शाम आठ बजे से सुबह आठ बजे की थी।
जब वह देर शाम आठ बजे अस्पताल जा रही थी। तभी आरोपित सुशील ने उसे अस्पताल के आगे गेट पर ही रोक लिया। उसका हाथ पकड़ लिया। जब दीपशिखा ने हाथ छुड़ाने को कहा तो उससे पहले धक्का-मुक्की की फिर एक के बाद एक तीन फायर किए, जिससे दीपशिखा की मौत हो गई।
हत्या की सूचना मिलते ही जबलपुर से नर्स के स्वजन शाहगढ़ पहुंचे। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया। वारदात से गुस्साए परिजनों ने सागर-कानपुर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने मामले में आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
चक्काजाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया। नर्स दीपशिखा के पिता रामगोपाल का कहना है कि सुशील द्वारा दीपशिखा को परेशान किए जाने की शिकायत उन्होंने पहले भी पुलिस थाने में की थी, लेकिन उस पर काेई कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं एएसपी संजीव उइके के मुताबिक आरोपित की गिरफ्तारी के लिए अनुसार अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। एक टीम जबलपुर भेजी गई है, जो पनागर में आरोपित की छानबीन कर रही है। इसके साथ ही आरोपित के रिश्तेदार और परिचितों के घर दबिश देकर तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- मंदसौर-नीमच के वीरान गांवों में बन रही एमडी ड्रग, इससे सेक्स पावर बढ़ाने का दावा कर लोगों को फांस रहे तस्कर
आरोपित सुशील पहले भी दीपशिखा को परेशान करता था। इसकी शिकायत भी स्वजनों ने पहले पाटन थाने में की थी, लेकिन बाद में मामला समझाइश के बाद शांत करा लिया गया था। शाहगढ़ थाना प्रभारी संदीप खरे ने बताया कि आरोपित की पहचान हो गई है। वह जबलपुर जिले का रहने वाला है।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। प्राथमिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग का लग रहा है। दोनों एक-दसरे को पहले से जानते थे। अब तक की जांच में जितने बिंदु सामने आए हैं, सभी पर जांच चल रही है। आरोपित जल्द गिरफ्त में होगा।