सागर: सिर दर्द से परेशान छात्र ने कॉलेज बिल्डिंग से लगाई छलांग; मौत से पहले भाई को भेजी थी ऑडियो रिकॉर्डिंग
प्रद्युम्न करीब पांच महीने से सिरदर्द से परेशान था और बंसल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Sat, 24 Oct 2026 01:45:16 PM (IST)Updated Date: Sat, 24 Oct 2026 01:45:56 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- कॉलेज में संदिग्ध परिस्थितियों में छात्र की मौत
- घटना से पहले भाई को भेजी ऑडियो रिकॉर्डिंग
- बीमारी और शरीर में अंदरूनी दर्द से परेशान था छात्र
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। सिरोंजा स्थित स्वामी विवेकानंद कॉलेज में शुक्रवार सुबह बीबीए द्वितीय सेमेस्टर के 19 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र ने घटना से कुछ देर पहले अपने बड़े भाई को ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थी, जिसमें उसने बीमारी से परेशान होने की बात कहते हुए आत्महत्या करने की बात कही थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
ऑडियो भेजकर मांगी माफी
पुलिस के अनुसार मृतक प्रद्युम्न मिश्रा पिता स्व. देवेंद्र कुमार बीबीए द्वितीय सेमेस्टर का छात्र था। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे वह कॉलेज पहुंचा और सुबह 9:21 बजे बड़े भाई चैतन्य के मोबाइल पर ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी। इसमें उसने बीमारी से परेशान होने और शरीर में अंदरूनी दर्द होने की बात कहते हुए परिवार से माफी मांगी थी।
भाई को घायल हालत में मिला छात्र
बड़े भाई ने ऑडियो सुनने के बाद प्रद्युम्न को फोन किया, रिसीव न होने पर वह तत्काल कॉलेज पहुंचा। जहां पता चला कि सुबह करीब 9:45 बजे कॉलेज की दर्शन भवन बिल्डिंग के पास प्रद्युम्न घायल अवस्था में पड़ा था। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
स्वजन ने आत्महत्या की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि प्रद्युम्न करीब पांच महीने से सिर दर्द से परेशान था। बंसल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।