
नईदुनिया प्रतिनिधि, खुरई। खुरई रेलवे स्टेशन के पास स्थित श्री गिरजेश्वर मंदिर में शनिवार रात भजन-कीर्तन के बाद 78 वर्षीय पुजारी अनंतराम रिछारिया की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वे हर शनिवार की तरह मंदिर में आयोजित भजन-कीर्तन में शामिल हुए थे। भजन की धुन पर झूमते और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते पुजारी ने शायद नहीं सोचा होगा कि यह उनकी आखिरी आरती होगी।
कीर्तन और प्रसाद वितरण के बाद जब वे गर्भगृह के पट बंद करने पहुंचे, तभी अचानक चक्कर आने से गिर पड़े। मंदिर परिसर में मौजूद लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है।
श्री गिरजेश्वर मंदिर की स्थापना करीब 41 साल पहले हुई थी। अनंतराम रिछारिया स्थापना के समय से ही मंदिर में पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। सुंदरकांड, आरती और भजन-कीर्तन उनकी नियमित दिनचर्या का हिस्सा थे। रविवार दोपहर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
भतीजे सर्वेश रिछारिया और धनीराम साहू के अनुसार, पुजारी ने सुंदरकांड, आरती और भजन के बाद सभी को टीका लगाकर आशीर्वाद दिया था। प्रसाद वितरण के बाद पट बंद करते समय उन्हें चक्कर आया और वे गिर पड़े। सर्वेश, राहुल, लखन यादव और मंडल के अन्य सदस्य उन्हें पहले निजी अस्पताल और फिर सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
यह भी पढ़ें- एमपी में मौसम के दोहरे रंग, दिन में तपिश तो रात में ठिठुरन, पचमढ़ी से भी ज्यादा सर्द हुई इंदौर की रात
अनंतराम रिछारिया के परिवार में पत्नी चंपा बाई (78), तीन विवाहित बेटियां स्नेहलता, प्रीति और सोनम तथा 30 वर्षीय अविवाहित बेटा शरद हैं। बेटा शरद भी पुजारी है और बलदाऊ मंदिर में पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी संभाल रहा है।