टीकमगढ़-सागर रोड पर ट्रक और बोलेरो की भिड़ंत, दो की मौत, ड्राइवर की हालत गंभीर
बोलेरो सवार तीन लोग होशंगाबाद से लौट रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक करते समय उनकी बोलेरो सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 11:51:48 AM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 11:51:48 AM (IST)
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया । नईदुनिया।HighLights
- टीकमगढ़-सागर रोड पर हुआ एक्सीडेंट
- ट्रक और बोलेरो की भिड़ंत में दो लोगों की मौत
- रात करीब एक बजे ओवरटेक के दौरान हादसा
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। टीकमगढ़-सागर रोड पर सिमरिया नरवा के बीच बगरोही टीक के पास शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सागर रेफर किया गया।
ओवरटेक करते समय हादसा
जानकारी के अनुसार बोलेरो सवार तीन लोग होशंगाबाद से लौट रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक करते समय उनकी बोलेरो सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। ट्रक में राखड़ जैसी सामग्री भरी हुई थी। दोनों वाहन आपस में फंस गए थे, जिन्हें क्रेन की मदद से अलग किया गया।
सूचना मिलते ही शाहगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरक्षक दिनेश साहू ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे में प्रमोद यादव और छतरपुर जिले के भगवां निवासी एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। दूसरे मृतक की पहचान की पुष्टि की जा रही है।
ट्रक ड्राइवर फरार
घायल बोलेरो चालक को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों शवों का शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिए। बताया जा रहा है कि मृतक बोरिंग मशीन के काम से जुड़े थे। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।