छतरपुर में बरात की खुशियां मातम में बदलीं, नगर परिषद अध्यक्ष के बेटे ने बराती को कार से कुचला; FIR दर्ज
जिले की बड़ामलहरा नगर परिषद अध्यक्ष निशा राजे और भाजपा नेता आनंद सिंह बुंदेला के बेटे रोहित बुंदेला पर बरात में शामिल युवक को कार से कुचलने का आरोप है।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 01:22:55 AM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 01:22:55 AM (IST)
नप अध्यक्ष के बेटे ने बराती को कुचला, फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- छतरपुर जिले में हिट एंड रन का मामला
- नप अध्यक्ष के बेटे ने बराती को कुचला
- पिता बोले- ड्राइवर चला रहा था कार
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। जिले की बड़ामलहरा नगर परिषद अध्यक्ष निशा राजे और भाजपा नेता आनंद सिंह बुंदेला के बेटे रोहित बुंदेला पर बरात में शामिल युवक को कार से कुचलने का आरोप है।
शुक्रवार-शनिवार की रात 12:08 बजे हुए इस हादसे में युवक की मौत हो गई। शनिवार को पुलिस ने रोहित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपित अभी फरार है। पिता आनंद सिंह ने दावा किया कि कार ड्राइवर चला रहा था, पुलिस ने दबाव में रोहित का नाम जोड़ा है।
बरात में शामिल होने आया था युवक
छतरपुर जिले के अमानगंज निवासी दशरथ अहिरवार भतीजे प्रवीण उर्फ कालू के साथ बरात में शामिल होने बड़ामलहरा आए थे। रामबाग मैरिज गार्डन के बाहर दूल्हे के टीका कार्यक्रम के दौरान सागर रोड की ओर से आई सफेद कार (एमपी 16 जेडएल 6062) ने शनि मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े पुष्पेंद्र को टक्कर मार दी।
बरातियों ने कार का पीछा किया, लेकिन ड्राइवर ने वाहन नहीं रोका और फरार हो गया। घायल पुष्पेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बड़ामलहरा थाना प्रभारी रीता सिंह ने बताया कि रोहित की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।