सागर: बंडा में शराब पीने से ग्रामीण की तबीयत बिगड़ी, दुकान से 1300 पेटी शराब जब्त
घटना के बाद बंडा शराब कांड के मुख्य आरोपी मनीष उर्फ यशवंत लोधी की बरेठी स्थित दुकान से 60 से 70 लाख रुपये कीमत की शराब जब्त की गई। इसमें सागर गोल्ड की 700 से 800 पेटियां शामिल हैं।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 08:42:51 AM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 08:42:51 AM (IST)
मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कुलदीप गौड़। नईदुनियाHighLights
- सागर के बंडा क्षेत्र के गोरा खुर्द का मामला
- कुलदीप गौड़ ने तीन दोस्तों के साथ शराब पी थी
- जब्ती में सागर गोल्ड की करीब 800 पेटियां शामिल
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। बंडा में शराब पीने के बाद एक ग्रामीण की तबीयत बिगड़ गई। उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया है। ग्रामीण ने गांव में ही एक व्यक्ति से 120 रुपये में लाल ब्रांड का क्वार्टर खरीदकर तीन दोस्तों के साथ शराब पी थी। हालांकि उसके तीनों साथी स्वस्थ हैं।
बंडा के गोरा खुर्द निवासी 40 वर्षीय कुलदीप गौड़ ने बताया कि बुधवार सुबह सात बजे उसने शराब खरीदी थी। दोपहर करीब 12 बजे तबीयत बिगड़ने पर उसे बंडा अस्पताल ले जाया गया, जहां से बीएमसी रेफर कर दिया गया। आबकारी अधिकारियों ने भी मरीज से संपर्क किया है।
सागर गोल्ड ब्रांड की शराब जब्त
उधर, बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपित मनीष उर्फ यशवंत लोधी की बरेठी स्थित दुकान से 1300 पेटी शराब जब्त की गई है। इसमें सागर गोल्ड की 700 से 800 पेटी शामिल हैं। बैच नंबर में गड़बड़ी की आशंका पर आबकारी विभाग ने नमूने जांच के लिए भेजे हैं। प्रत्येक पेटी का क्यूआर कोड भी स्कैन कराया जा रहा है। जब्त शराब की कीमत 60 से 70 लाख रुपये बताई गई है।
लगातार सामने आ रहे मामले
केसली में संदिग्ध मौत पर बवाल केसली में पिछले दिनों अंकुश लोधी की मौत के बाद स्वजन ने जहरीली शराब का आरोप लगाया था। बुधवार को जैतपुर में चक्काजाम भी किया गया। गुरुवार को शराब पीने से दो अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ने की चर्चा रही।