
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर। शराब पीने के बाद देवरी में एक युवक की मौत होने का आरोप लगाते हुए स्वजनों ने हंगामा किया। वहीं देवरी क्षेत्र के अन्य दो लोगों की शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ गई। जिन्हें मेडिकल कालेज और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देवरी में मौत के बाद लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर जमकर प्रदर्शन किया।
दरअसल, देवरी में शुक्रवार की रात शराब पीकर हुई मौत के बाद स्वजन और कांग्रेस नेताओं ने शनिवार को चक्काजाम कर दिया। उनका कहना था कि शराब पीने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ी जिससे उसकी मौत हुई, जबकि पुलिस का कहना है कि सचिन ने शराब के नशे में फांसी लगाकर जान दी। उसके गले में फंदे के निशान भी हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि सचिन गौंड़ की फांसी लगाने से मौत हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह शुक्रवार रात करीब नौ बजे शराब पीकर वह घर पहुंचा था। इसके बाद उसका घर से विवाद हुआ। मोहल्ले के लोगों ने भी विवाद की बात बताई।
इसी दौरान घर पर सचिन ने मफलर से फांसी लगा ली। बताया जा रहा है कि सचिन ने शराब पीकर घर में हंगामा किया, जिसके बाद उसके पिता ने उसे कमरे में बंद कर दिया था, जिसके बाद उसने कमरे के अंदर फांसी लगा ली। स्वजन रात में ही उसे अचेत अवस्था में लेकर देवरी अस्पताल पहुंचे थे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं दूसरी ओर शनिवार की सुबह महाकाली वार्ड निवासी 28 वर्षीय सचिन ठाकुर की मौत के बाद स्वजन और स्थानीय लोगों ने शनिवार को सड़क पर चक्काजाम कर दिया। स्वजन ने शराब पीने के बाद युवक की मौत होने का आरोप लगाते हुए संबंधित शराब दुकान बंद कराने, शराब ठेकेदार के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण आवागमन प्रभावित रहा। स्वजन का कहना है कि सचिन को पहले से कोई बीमारी नहीं थी। शराब पीने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई।
हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। प्रदर्शनकारियों ने शराब माफिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। चक्काजाम की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव, एसडीएम मुनव्वर खान और थाना प्रभारी कपिल लक्षकार मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने स्वजन से चर्चा कर उनकी मांगें सुनीं और मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। बताया जा रहा है कि पूरे घटनाक्रम में अंतिम संस्कार के बाद देर शाम स्वजनों से लिए गए लिखित बयानों के बाद स्थिति स्पष्ट हुई। परिजनों ने उसके फांसी की बात छिपा ली थी। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई।
करीब पांच घंटे बाद प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और जांच के आश्वासन पर चक्काजाम समाप्त हुआ। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें- 'एमपी में बढ़ी ठिगनेपन की दर...', कांग्रेस ने आंकड़ों का हवाला देकर पूछा- कुपोषण के लिए जिम्मेदार कौन?
जिला अस्पताल में भर्ती रायखेड़ा देवरी निवासी अमित मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार रात को उसने समनापुर शराब दुकान से देशी प्लेन शराब का एक क्वार्टर लिया था। रात करीब नौ बजे जैसे ही उसने चाय वाले डिस्पोजल गिलास में पानी मिलाकर शराब की एक घूंट पी, उसके बाद उसके सीने में जलन होने लगी। कुछ देर बाद उल्टियां शुरू हो गईं। पहले तो वह देवरी अस्पताल गया, जहां से उसे सागर रेफर कर दिया गया। उसका बीपी लो हो गया, घबराहट होने लगी।
सूचना के बाद महाराजपुर पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया। बहरहाल अमित की हालत अब स्थिर है। इसके पहले भी एक बार उसका बीपी लो हो चुका है। वहीं दूसरी ओर देवरी निवासी वाहिद नाम के युवक की भी शराब पीने के बाद तबीयत खराब हो गई, जिसे शुक्रवार रात को ही मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
शनिवार की सुबह सहायक जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में वृत्त प्रभारी और टीम ने बाजार क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक नौ में जितेंद्र लोधी 31 वर्ष पिता बलराम लोधी के दुकान के पीछे बने आवास की तलाशी ली। मकान के एक बंद कमरे को खुलवाकर जांच की गई तो वहां से देशी मदिरा मसाला के 16 पाव, एमडी व्हिस्की के 6 पाव और रायल स्टैग के 4 पाव मिले।
कुल 26 पाव शराब जब्त की गई। पूछताछ में संबंधित व्यक्ति ने बताया कि शराब उसे कर्रापुर क्षेत्र के किसी व्यक्ति ने बेची थी। आबकारी विभाग अब शराब के स्रोत और उसे उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटा है।
कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के आदेश और सहायक आयुक्त आबकारी वंदना पांडे के निर्देशन में बंडा क्षेत्र में लगातार दबिश दी जा रही है। अभियान के तहत पांच टीमें तलाशी और निगरानी कर रही हैं। इनमें वृत्त प्रभारी सियाराम चौधरी, राजेंद्र बिलवार, एसपी साकेत और दीप्ति किरण धुर्वे की टीमें शामिल हैं।
पांचवीं टीम का संचालन एडीईओ पूजा वर्मा कर रही हैं। आबकारी विभाग का कहना है कि बंडा और देवरी क्षेत्र में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए गांव-गांव सूचना तंत्र विकसित किया जा रहा है। संदिग्ध स्थानों पर तलाशी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।